Pilibhit News : कमरे में फंदे पर लटका मिला मजदूर का शव, पत्नी से हुआ था किसी बात को लेकर विवाद

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पत्नी से हुआ था विवाद, सुबह फंदे पर लटकती मिली मजदूर की लाश, जांच में जुटी पुलिस

पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में मजदूरी करने वाले सर्वेश कुमार का शव उनके कमरे में फंदे पर लटका मिला। पत्नी से विवाद के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पीलीभीत, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही स्पष्ट होगी।

पूरनपुर क्षेत्र के गांव मुजफ्फरनगर निवासी सर्वेश कुमार मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए। सर्वेश भी अपने कमरे में चला गया। शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चे रोने-बिलखने लगे। मृतक के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा प्रिंस और छोटा गोलू है। पिता की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने घटना की सूचना पूरनपुर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और कमरे को सील कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़ें - Bareilly News : पीलीभीत बाईपास पर बीडीए विकसित करेगा आधुनिक टाउनशिप, किसानों को कर दिया 560 करोड़ का भुगतान 

संबंधित समाचार