Bahraich News : मिहींपुरवा में दो घरों में चोरी, जेवर-नकदी और आईफोन लेकर फरार हुए बदमाश

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

तीसरे घर में चोरी का प्रयास नाकाम, ग्रामीण ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो तमंचा दिखाकर भागे

Bahraich News: मिहींपुरवा के सर्राकलां गांव में चोरों ने दो घरों से जेवर, 10 हजार रुपये नकद और आईफोन चोरी कर लिया। तीसरे घर में चोरी का प्रयास नाकाम रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मिहींपुरवा (बहराइच), अमृत विचार। बहराइच जिले के मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाकर जेवर, नकदी, मोबाइल और अन्य सामान चोरी कर लिया। वहीं तीसरे घर में चोरी का प्रयास ग्रामीणों के जाग जाने से विफल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मिहींपुरवा विकासखंड की ग्राम पंचायत सर्राकलां में बुधवार देर रात चोर उमरावती देवी, पत्नी स्व. सुरेंद्र, के घर में घुस गए। सुबह नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे पुस्तैनी सोने के जेवर गायब हैं। इसके बाद चोरों ने गांव निवासी चेतराम पुत्र बद्दल के घर को निशाना बनाया और वहां से आईफोन, चार्जर और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।

तीसरे घर में चोरी की कोशिश नाकाम

चोरों ने गांव के ही संजय पुत्र कांग्रेस के घर का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन घरवालों के जाग जाने और शोर मचाने पर वे मौके से भाग निकले।

संदिग्धों को रोकने पर तमंचा दिखाकर भागे

गांव निवासी अमन पुत्र छोटेलाल (20), जो सेना भर्ती की तैयारी कर रहा है, ने बताया कि सुबह करीब चार बजे संजय का फोन आने पर वह मौके पर पहुंचा। लौटते समय छोटूपुरवा के पास जंगल वाले रास्ते पर दो बाइकों पर सवार पांच संदिग्ध युवक मिले। अमन ने शक होने पर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि बाइक सवारों ने तमंचा निकालकर उसे धमकाया। इसके बाद उसने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले सभी आरोपी फरार हो गए।

पुलिस ने जांच शुरू की

थानाध्यक्ष मोतीपुर ब्रह्मागौंड ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार