एशिया कप की जंग के लिए तैयार युवा हॉकी सितारे, अनमोल एक्का के हाथों में टीम इंडिया की कमान
एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के लिए हॉकी इंडिया ने भारतीय पुरुष जूनियर टीम का ऐलान कर दिया है। अनमोल एक्का कप्तान बनाए गए हैं, जबकि 18 सदस्यीय टीम चीन में खिताब के लिए उतरेगी।
दिल्ली। हॉकी इंडिया ने एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के लिए भारतीय पुरुष जूनियर हॉकी टीम का ऐलान कर दिया है। टूर्नामेंट के लिए 18 सदस्यीय टीम चुनी गई है, जबकि दो खिलाड़ियों को वैकल्पिक सूची में रखा गया है। प्रतियोगिता का आयोजन 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी में किया जाएगा। डिफेंडर अनमोल एक्का को टीम की कमान सौंपी गई है। भारतीय जूनियर टीम फिलहाल बेंगलुरु स्थित स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) सेंटर में नए मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज की निगरानी में तैयारी कर रही है।
बेल्जियम दौरे से मिला खिलाड़ियों को अनुभव
एशिया कप की तैयारी के तहत भारतीय जूनियर टीम ने हाल ही में बेल्जियम का एक्सपोजर टूर पूरा किया, जहां खिलाड़ियों ने मजबूत अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाफ मुकाबले खेले। इस दौरे से टीम को अपनी रणनीति, संयोजन और प्रदर्शन को बेहतर करने का मौका मिला। इसके अलावा टीम बेंगलुरु में मलेशिया की अंडर-21 टीम के साथ अभ्यास मैच खेलकर अपनी तैयारियों को और धार दे रही है।
कोच ने टीम पर जताया भरोसा
मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज ने कहा कि चुनी गई टीम में अच्छा संतुलन और गहराई है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पिछले कुछ महीनों में कड़ी मेहनत की है और अनुशासन, प्रदर्शन तथा खेल में सुधार की प्रतिबद्धता दिखाई है। कोच ने कहा कि टीम का लक्ष्य टूर्नामेंट में अनुशासित और आक्रामक हॉकी खेलना होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि यह टीम देश का नाम रोशन करने में सक्षम है।
एएचएफ जूनियर एशिया कप पर नजर
एएचएफ जूनियर एशिया कप एशिया के प्रमुख जूनियर हॉकी टूर्नामेंटों में शामिल है। इसमें महाद्वीप की शीर्ष युवा टीमें हिस्सा लेती हैं। भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट में एशिया की मजबूत टीमों के खिलाफ अपनी क्षमता साबित करने का मौका मिलेगा।
भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम
गोलकीपर
विवेक लाकड़ा, कुणाल तेवतिया
डिफेंडर
अनमोल एक्का (कप्तान), रोहित कुल्लू, चिराग, रविंदर, आशु मौर्य, संजीत टिर्की, सुखविंदर
मिडफील्डर
एड्रोहित एक्का, हरपाल, जीतपाल, मनमीत सिंह राय
फॉरवर्ड
अजीत यादव, प्रभदीप सिंह, गुरसेवक सिंह, आर्यन जेस, लोवेनूर सिंह
वैकल्पिक खिलाड़ी
अर्जुन संतोष हरगुडे, रितिक लाकड़ा
