Pilibhit News : पीलीभीत में पत्नी ने पति को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाई, साड़ी से गला घोंटकर मार डाला, सामने आया गुजरात कनेक्शन
माधोटांडा के लोहरपुरी गांव में सनसनीखेज वारदात; बच्चों ने छत पर पिता को बेसुध देखा तो खुला मामला, पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की
पीलीभीत, अमृत विचार : प्रेम-प्रसंग में महिलाओं द्वारा अपने पति की हत्या करने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब पीलीभीत में भी एक ऐसी ही दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। माधोटांडा में पत्नी ने रात में अपने पति को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया। आधी रात में साड़ी से गला घोंटकर उसकी हत्या करके फरार हो गई। खटपट की आवाज पर बच्चों की नींद टूटी। अनहोनी की आशंका हुई। छत पर जाकर देखा तो पिता बेसुध पड़े थे। मां गायब थी। चीख-पुकार के बीच पड़ोसी पहुंच गए। उनके साथ में बेटा रात में ही पुलिस स्टेशन पहुंचा। काफी तलाश के बाद महिला गांव में पकड़ी गई। पुलिस पूछताछ में उसने पति की हत्या का जुर्म स्वीकार कर लिया है।
घटनाक्रम माधोटांडा के लोहरपुरी गांव का है। करीब 42 वर्षीय उमा शंकर खेती करते थे। 20 साल पहले उन्होंने ममता के साथ प्रेम विवाह किया था। अभी ममता की उम्र 37 साल है। दो बच्चे हैं। 18 साल का बेटा है और 12 साल की बेटी।
उमाशंकर की बेटी गीता ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की शाम मां ने कोल्ड ड्रिंक मंगाई थी। सभी को पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी लेकिन मैंन और भाई ने नहीं मना कर दिया। इसके बाद मां छत पर गईं और पापा को कोल्ड ड्रिंक पिलाई। उन्होंने खुद भी पी। छत पर ही पापा का बिस्तर लगाकर वह भी वहीं रुक गईं। मैं और भाई सोने के लिए चले गए।
पड़ोसियों के साथ थाने पहुंचा बेटा
गीता के मुताबिक रात में अचानक से खटपट की आवाज हुई। मेरी नींद टूट गई। मैंने भाई को उठाया। घर में कोई नहीं था। हम लोग छत पर गए। वहां आवाज लगाई, मां नहीं थीं। पापा बिस्तर पर पड़े थे। उन्हें उठाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं उठे। उनके गले में साड़ी लिपटी थी। भाई ने देखा तो पापा की सांस नहीं चल रही थी। हम लोग घबरा गए। डर के मारे बाहर निकले। पड़ोसियों को बुलाया। उन्होंने आकर देखा तो पिता बेसुध मिले। रात करीब 2:30 बजे भाई पुलिस स्टेशन गए। उसके बाद पुलिस घर आई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की। वह घर से करीब 300 किलोमीटर की दूरी पर पकड़ी गई। पुलिस ममता को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। पूछताछ में उसने अपना पति की हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
दो साल पहले गई थी गुजरात
उमाशंकर की हत्या की पूछताछ में पुलिस को पता लगा कि उमाशंकर गुजरात में काम करते थे। वर्ष 2024 में उनकी तबीयत खराब हो गई थी। तब उन्होंने पत्नी ममता को गुजरात बुलाया था। गुजरात में रहने के दौरान ममता का नकुम भावेश नाम एक व्यक्ति से अफेयर हो गया। बाद में उमाशंकर परिवार के साथ वापस पीलीभीत आ गए। लेकिन ममता नकुम से फोन पर बातचीत करती रही। इसी को लेकर घर में अक्सर कलह भी होने लगी।
भावेश से कर चुकी कोर्ट मैरिज
पूछताछ में यह तथ्य भी सामने आया है कि ममता गुजरात में नकुम भावेश के साथ कोर्ट मैरिज कर चुकी है। पीलीभीत में लौटने के बाद से ही वत प्रेमी के साथ जाने की जिद पकड़े थी। कई बार इस बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। आखिर में ममता ने उमाशंकर को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या का प्लान बनाया और मौत के घाट उतार दिया।
माधोटांडा थाना प्रभारी अशोक पाल के मुताबिक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसने पति की हत्या की बात स्वीकार कर ली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच जारी है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः Shahjahanpur Crime News: गौतम को बुलाकर ले गया समीर और चाकू से गोदमकर मार डाला! ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा हत्यारोपी
