Commonwealth Table Tennis Championship 2026: नई दिल्ली में आज से मुकाबलों का आगाज, खिताब बचाने उतरेगा भारत
त्यागराज स्टेडियम में 27 जुलाई से 2 अगस्त तक चलेगी कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप, 25 से अधिक देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का आगाज सोमवार से होगा। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 2 अगस्त तक चलेगा, जिसमें 25 से अधिक देशों के खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है।
भारत इस बार अपने शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखने के इरादे से उतरेगा। इससे पहले 2019 में कटक में आयोजित चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने सभी सात स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। भारत ऐसा करने वाला तीसरा देश बना था। इससे पहले हांगकांग (1983) और इंग्लैंड (1971, 1973 और 1975) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
दिलचस्प बात यह है कि यह चैंपियनशिप ऐसे समय आयोजित हो रही है, जब ग्लासगो में 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स भी चल रहे हैं। हालांकि इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स के खेल कार्यक्रम में टेबल टेनिस को शामिल नहीं किया गया है।
भारतीय टीम में चार ओलंपियन शामिल
चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चार ओलंपियन खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें श्रीजा अकुला, जी. साथियान, मानव ठक्कर और हरमीत देसाई शामिल हैं। इनके अलावा मनुष शाह भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं, जो आईटीटीएफ पुरुष युगल रैंकिंग में मानव ठक्कर के साथ दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ियों में मानव ठक्कर विश्व रैंकिंग में 38वें स्थान के साथ सबसे ऊंची रैंकिंग वाले भारतीय खिलाड़ी हैं। वहीं मनुष शाह उनसे दो स्थान पीछे 40वें नंबर पर हैं। दूसरी ओर हरमीत देसाई मौजूदा पुरुष एकल चैंपियन के रूप में अपने खिताब की रक्षा करने उतरेंगे।
भारतीय टीम से एक बार फिर घरेलू सरजमीं पर दमदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः ICC T20 Rankings: जिम्बाब्वे पर जीत के बाद भारत फिर बना नंबर-1, इंग्लैंड को पछाड़ा; इशान किशन टॉप बल्लेबाज
