Kanwar Yatra 2026: बागपत पुलिस की सख्ती, DJ की ऊंचाई-आवाज तय, हथियार और मॉडिफाइड साइलेंसर पर पूरी तरह रोक

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए बागपत पुलिस ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीजे के आकार, ध्वनि सीमा, हथियारों और मॉडिफाइड वाहनों को लेकर स्पष्ट नियम तय किए गए हैं।

बागपत: श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बागपत पुलिस ने श्रद्धालुओं, डीजे संचालकों और वाहन चालकों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने सभी से नियमों का सही ढंग से पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

DJ के आकार और ध्वनि सीमा पर सख्त नियम

पुलिस ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि कांवड़ और डीजे की अधिकतम ऊंचाई 10 फुट तथा चौड़ाई 12 फुट से अधिक नहीं होनी चाहिए। डीजे और 'साउंड सिस्टम' की ध्वनि सीमा 75 डेसीबल (डीबी) से अधिक नहीं होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तय सीमा से अधिक तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम की अनुमति नहीं होगी।

हथियार लेकर यात्रा में शामिल होने पर रोक

बागपत पुलिस ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कोई भी कांवड़ यात्री हॉकी, बेसबॉल बैट, लाठी-डंडा, तलवार या किसी भी प्रकार का हथियार लेकर यात्रा में शामिल नहीं होगा।

इसका उद्देश्य यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को कम करना है।

मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पर प्रतिबंध

दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले उपकरणों के उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया है।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

पुलिस ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही धार्मिक आस्था एवं मर्यादा का सम्मान करते हुए शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखने तथा सुरक्षित एवं सफल कांवड़ यात्रा के लिए पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।

'सुरक्षित कांवड़ यात्रा हमारी प्राथमिकता'

बागपत पुलिस का कहना है कि सुरक्षित और सफल कांवड़ यात्रा सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए श्रद्धालुओं, डीजे संचालकों और वाहन चालकों का सहयोग बेहद जरूरी है। पुलिस ने सभी से नियमों का पालन कर यात्रा को शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया है।

यह भी पढ़ेंः डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 11वीं पुण्यतिथि: 'मिसाइल मैन' के 10 प्रेरणादायक विचार, जो हर युवा को देते हैं नई उड़ान

संबंधित समाचार