Stock Market Today: पश्चिम एशिया तनाव कम होते ही कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, शेयर बाजार उछला, सेंसेक्स 566 अंक चढ़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मुंबई। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में आई तेज गिरावट का सकारात्मक असर सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों पर देखने को मिला। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक मजबूती के साथ खुले।

शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 566 अंक की बढ़त के साथ 76,608.66 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 153.60 अंक चढ़कर 23,923.30 पर कारोबार करता दिखा।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सप्ताहांत में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य कार्रवाई रुकने से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। इसके साथ ही वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से भारत के लिए महंगाई पर दबाव कम होने, चालू खाते की स्थिति सुधरने और रुपये को मजबूती मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

एक्सिस डायरेक्ट के शोध प्रमुख राजेश पालविया ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंकाएं घटी हैं, जिसका सकारात्मक असर बाजार की धारणा पर पड़ा है।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, इन्फोसिस, इटरनल, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयरों में अच्छी तेजी दर्ज की गई। हालांकि, भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।

वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब चार प्रतिशत गिरकर 92.84 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार के अनुसार, यदि पश्चिम एशिया में तनाव और कम होता है तथा कच्चे तेल की कीमतों में नरमी जारी रहती है, तो घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुख बना रह सकता है।

इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 3,892.77 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी गिरावट में रहा, जबकि जापान का निक्की-225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं, अमेरिकी शेयर बाजार पिछले कारोबारी सत्र में अधिकांशतः मजबूती के साथ बंद हुए थे।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 331.62 अंक की गिरावट के साथ 76,059.77 अंक पर बंद हुआ था, जबकि एनएसई निफ्टी 102.15 अंक फिसलकर 23,767.45 अंक पर बंद हुआ था।

ये भी पढ़ें : 
Stock Market Today: कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से सेंसेक्स, निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट

संबंधित समाचार