Stock Market Today: विदेशी निवेशकों की बिकवाली से शेयर बाजार कमजोर, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी गिरे

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मुंबई। विदेशी पूंजी की लगातार निकासी और वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव के बीच मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों में गिरावट दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता को प्रभावित किया है। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली से भी बाजार पर दबाव बना हुआ है।

शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 58.89 अंक गिरकर 77,649.63 अंक पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 22.45 अंक की गिरावट के साथ 24,216.05 अंक पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इटर्नल, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, सन फार्मा और मारुति के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। तिमाही नतीजे कमजोर रहने के बाद एचडीएफसी बैंक का शेयर लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में दबाव में रहा।

वहीं, टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 3.68 प्रतिशत, जापान का निक्की 225 सूचकांक 2.41 प्रतिशत और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट 0.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक मामूली बढ़त के साथ रहा।

इससे पहले सोमवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव 0.63 प्रतिशत गिरकर 88.66 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,121.04 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। सोमवार को सेंसेक्स 0.57 प्रतिशत और निफ्टी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

ये भी पढ़ें : 
Stock Market Today: कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 523 अंक टूटा

 

संबंधित समाचार