फतेहगढ़ जेल में सपा विधायक रमाकांत यादव से मिले रामआसरे विश्वकर्मा, बोले- 'सरकार राजनीतिक प्रताड़ना कर रही है'

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

पूर्व मंत्री ने केंद्रीय कारागार में मुलाकात के बाद स्वास्थ्य और सुविधाओं को लेकर उठाए सवाल, भाजपा सरकार पर लगाए उत्पीड़न के आरोप

फर्रुखाबाद: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं अखिलेश सरकार में पूर्व उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने मंगलवार को फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार पहुंचकर आजमगढ़ की फूलपुर-पवई विधानसभा सीट से विधायक रमाकांत यादव से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार पर राजनीतिक प्रताड़ना के आरोप लगाए।

रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि वह स्वयं आजमगढ़ से हैं और लंबे समय से रमाकांत यादव की राजनीतिक यात्रा को करीब से देखते रहे हैं। उनके अनुसार रमाकांत यादव हमेशा गरीब, शोषित, वंचित और मजलूम वर्ग की आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता का भरोसा उनके साथ नहीं होता तो वह पांच बार विधायक और चार बार सांसद नहीं चुने जाते।

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेजना और दबाव बनाना वर्तमान सरकार की कार्यशैली बन गई है। उन्होंने दावा किया कि जेल में रमाकांत यादव को न केवल जनप्रतिनिधि के रूप में मिलने वाली सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है, बल्कि एक सामान्य बंदी को मिलने वाले अधिकार भी पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधायक के स्वास्थ्य की उचित देखभाल नहीं हो रही है और समय पर इलाज भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि सरकार का यह रवैया दमनकारी है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, जिला महासचिव इलियास मंसूरी, जिला सचिव हरिओम यादव, यूथ ब्रिगेड के जिला महासचिव अर्चित शर्मा, महानगर अध्यक्ष शिवम पटेल समेत कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः CJP Protest: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पहुंचे धरनास्थल... राहुल गांधी से की मुलाकात, CRPF और RAF की तैनाती

संबंधित समाचार