लखनऊ में LDA का बड़ा एक्शन: होटल रेनेसां का अवैध स्टोर सील, BKT में 20 बीघे की 5 अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर
एलडीए ने अग्नि सुरक्षा जांच के दौरान मिली अनियमितताओं पर की कार्रवाई। होटल रेनेसां में अवैध स्टोर सील, ग्रीन बेल्ट में बने बेसमेंट को खाली करने के लिए 24 घंटे का समय; बीकेटी में पांच अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त।
लखनऊ। राजधानी में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को एलडीए ने गोमती नगर स्थित होटल रेनेसां में साइड सेटबैक क्षेत्र में बनाए गए अवैध स्टोर को सील कर दिया। वहीं बीकेटी (बख्शी का तालाब) क्षेत्र में करीब 20 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही पांच अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की गई।
अग्नि सुरक्षा जांच में मिली थीं गंभीर अनियमितताएं
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर के होटल, बैंक्वेट हॉल, कोचिंग सेंटर, अस्पताल और अन्य बहुमंजिला भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की संयुक्त जांच एलडीए और अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा की जा रही है।
इसी अभियान के तहत गोमती नगर स्थित होटल रेनेसां का निरीक्षण किया गया, जहां जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
ग्रीन बेल्ट में अवैध बेसमेंट और सेटबैक में स्टोर मिला
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के अनुसार, होटल को लीज पर आवंटित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र के नीचे अवैध रूप से बेसमेंट बनाया गया है। इसके अलावा साइड सेटबैक में भी बिना अनुमति स्टोर का निर्माण पाया गया।
इन अनियमितताओं को लेकर डीआर होटल (रेनेसां) के निदेशक को नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय में आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विहित प्राधिकारी न्यायालय ने सीलिंग के आदेश जारी किए।
अवैध स्टोर सील, बेसमेंट पर अगली कार्रवाई
मंगलवार को प्रवर्तन जोन-1 के सहायक अभियंता रविशंकर राय, अवर अभियंता विपिन बिहारी राय और राहुल विश्वकर्मा की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध स्टोर को सील कर दिया।
जोनल अधिकारी ने बताया कि होटल प्रबंधन ने ग्रीन बेल्ट में बने अवैध बेसमेंट को खाली करने के लिए समय मांगा है। एलडीए ने उन्हें 24 घंटे की मोहलत दी है, जिसके बाद बेसमेंट को भी सील किया जाएगा।
बीकेटी में 20 बीघा क्षेत्र की पांच अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि ग्राम भैसामऊ और डिगोई में विशेष अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान रवि कुमार, राकेश, रविंदर, राम किशोर यादव, संजय, शैलेन्द्र सिंह और अन्य लोगों द्वारा लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही पांच अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
एलडीए का कहना है कि राजधानी में अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़ेंः राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा अपडेट: 14 घंटे की पुलिस रिमांड पर दो आरोपी, आज हो सकते हैं अहम खुलासे
