Kannauj News : जलभराव से बेहाल सैसारपुर, घरों में घुसा पानी, जनसुनवाई और अधिकारियों की बेरुखी से ग्रामीणों में आक्रोश
छिबरामऊ/कन्नौज, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सैसारपुर में जल निकासी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। कई दिनों से नालियां चोक होने और समुचित निकासी व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है। इससे घरेलू सामान खराब हो रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव से होकर गुजरने वाला मुख्य मार्ग नेशनल हाईवे-34 (एनएच-34) के घिलोई से खानपुर कुर्मी और सैसारपुर होते हुए मोहम्मदाबाद-फर्रुखाबाद को जोड़ता है। इस महत्वपूर्ण मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है, लेकिन सड़क पर घुटनों तक जलभराव होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए उपजिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी गई और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की उदासीनता से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीण जितेंद्र पाल, अंकित, शम्पू, छोटे, रामकिसन, आनंद, पप्पू, गिरबर, घनश्याम, शिवम समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
