राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड : केशव मौर्य बोले- जांच पूरी होने तक करें इंतजार, विपक्ष को बोलने का नैतिक अधिकार नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

उपमुख्यमंत्री बोले- एफआईआर दर्ज, एसआईटी कर रही निष्पक्ष जांच; चंपत राय का किया बचाव

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले पर कहा कि एफआईआर दर्ज हो चुकी है और एसआईटी निष्पक्ष जांच कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर राजनीति करने का आरोप लगाया और जांच पूरी होने तक इंतजार करने की अपील की।

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन के मामले पर कहा कि इस संबंध में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और विशेष जांच दल (एसआईटी) निष्पक्ष जांच कर रहा है। उन्होंने लोगों से जांच रिपोर्ट आने तक धैर्य रखने की अपील करते हुए विपक्ष पर बिना तथ्यों के राजनीति करने का आरोप लगाया।

प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उनकी बयानबाजी से समाजवादी पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है।

"रामद्रोही" रहा है अखिलेश यादव का परिवार

उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव का परिवार "रामद्रोही" रहा है, इसलिए वह राम जन्मभूमि से जुड़े मुद्दों पर इस तरह के बयान देते हैं। उपमुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए तपस्वी की तरह योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से ट्रस्ट से जुड़े सभी लोग आहत हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के उस आरोप को भी खारिज किया कि भाजपा कथित आरोपियों को बचा रही है। मौर्य ने कहा कि विपक्ष बिना किसी तथ्य के राजनीतिक आरोप लगा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के समाजवादी पार्टी के साथ संभावित सीट बंटवारे संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस चाहे साथ मिलकर चुनाव लड़ें या अलग-अलग, वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि 'इंडिया' गठबंधन अब पूरी तरह कमजोर हो चुका है।

बीबीजी राम जी योजना पर  कांग्रेस को घेरा

बीबीजी राम जी योजना को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में विकास योजनाएं भ्रष्टाचार से प्रभावित थीं, जबकि भाजपा सरकार बिना किसी "लीकेज" के योजनाओं का लाभ गांवों और गरीबों तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित गांव के लक्ष्य पर काम कर रही है।

संबंधित समाचार