प्राइवेट सेरेमनी, कुछ खास मेहमान ...5 जुलाई को गौरी स्प्रैट संग तीसरी शादी करेंगे आमिर खान
मुम्बई। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट यानी अभिनेता आमिर खान जल्द ही तीसरी बार शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। आमिर खान ने खुद इस बात का खुलासा करते हुए कहा कि गौरी स्प्रैट के साथ उनकी शादी आगामी 5 जुलाई को उनके घर पर ही संपन्न होगी। अभिनेता ने उम्मीद जताई है कि उन दोनों का आगे का जीवन एक साथ बहुत अच्छा गुजरेगा।
बेटे जुनैद के साथ स्क्रीनिंग में पहुंचे थे आमिर
आमिर खान (61) बृहस्पतिवार शाम को मशहूर निर्देशक राजकुमार हिरानी की पहली वेब सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' की स्क्रीनिंग के मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान उनके बेटे जुनैद खान भी उनके साथ नजर आए। गौरतलब है कि राजकुमार हिरानी आमिर के साथ '3 इडियट्स' और 'पीके' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बना चुके हैं।
बेहद निजी होगा विवाह समारोह
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए आमिर खान ने बताया कि यह शादी पूरी तरह से एक निजी समारोह होगी, जिसमें सिर्फ परिवार के लोग और चुनिंदा दोस्त ही शामिल होंगे। आमिर ने कहा
"मैं 5 जुलाई को शादी कर रहा हूं और विवाह समारोह घर पर ही करीबी परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में होगा। हम सभी का आशीर्वाद चाहते हैं और उम्मीद करते हैं कि हमारी साथ की यात्रा खुशहाल रहेगी।"
आमिर खान की तीसरी शादी
पहली शादी
उन्होंने पहली शादी फिल्म निर्माता रीना दत्ता से वर्ष 1986 में की थी, जो 2002 तक चली। रीना और आमिर के दो बच्चे—जुनैद खान और इरा खान हैं।
दूसरी शादी
इसके बाद वर्ष 2005 में आमिर ने निर्देशक किरण राव से शादी की थी, जिससे उनका एक बेटा आजाद है। साल 2021 में ये दोनों भी आपसी सहमति से अलग हो गए थे।
साल 2025 में पहली बार कराया था परिचय
आमिर खान ने साल 2025 में अपनी फिल्म 'सितारे जमीन पर' के प्रमोशन के दौरान एक कार्यक्रम में गौरी स्प्रैट को पहली बार मीडिया से मिलवाया था। उस समय अभिनेता ने बताया था कि वे दोनों एक साल से अधिक समय से साथ हैं। आमिर ने तब कहा था, "मुझे लगा कि आप सभी के लिए उनसे मिलने का यह एक अच्छा अवसर होगा। इसके अलावा, अब हमें छिपने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।" उन्होंने यह भी साझा किया था कि गौरी स्प्रैट ने पिछली रात शाहरुख खान और सलमान खान से भी मुलाकात की थी।
