राम मंदिर चढ़ावा विवाद: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री समेत भाजपा नेताओं ने SIT जांच पर जताया भरोसा, विपक्ष पर साधा निशाना

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, दिनेश शर्मा, अनिल राजभर समेत कई नेताओं ने कहा- जांच पूरी होने तक इंतजार करें, दोषी नहीं बचेंगे

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, दिनेश शर्मा, अनिल राजभर, आर.पी. सिंह और अशोक वाजपेयी ने SIT जांच पर भरोसा जताया। विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही।

अमृत विचार डेस्क, लखनऊ। अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले को लेकर जहां विपक्ष लगातार सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर सवाल उठा रहा है, वहीं संतों और भाजपा नेताओं ने एसआईटी (SIT) जांच पर भरोसा जताते हुए कहा है कि जांच निष्पक्ष तरीके से चल रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यदि किसी ने मंदिर के धन में गड़बड़ी की है तो यह पाप नहीं, बल्कि महापाप है। उन्होंने कहा कि देश की कानून व्यवस्था, एसआईटी और सरकार पर पूरा भरोसा है तथा जांच पूरी होने के बाद दोषियों को कानून और भगवान दोनों का दंड मिलेगा।

सांसद दिनेश शर्मा

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल एसआईटी जांच के आदेश दिए थे। जांच पारदर्शी तरीके से चल रही है और लोगों को रिपोर्ट आने तक धैर्य रखना चाहिए।

मेयर गिरीश पति त्रिपाठी

अयोध्या के मेयर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही एसआईटी और पुलिस जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने कहा कि जिस मंदिर से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है, उससे संबंधित हर तथ्य पूरी पारदर्शिता के साथ सामने आना चाहिए।

मंत्री अनिल राजभर 

प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष जांच पूरी होने से पहले ही माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईटी अपना काम कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित होगा।

आर.पी. सिंह

भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने कहा कि एसआईटी की जांच के दायरे में सभी संबंधित लोग हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और छापेमारी की कार्रवाई भी जारी है।

भाजपा नेता अशोक वाजपेयी

भाजपा नेता अशोक वाजपेयी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि एसआईटी निष्पक्ष जांच कर रही है और मंदिर के धन में गड़बड़ी करने वाला कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि मंदिर के एक-एक रुपये की वसूली सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-राम मंदिर चढ़ावा विवाद : सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने हाईकोर्ट की निगरानी में जांच की मांग, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

संबंधित समाचार