Sitapur News : सीतापुर में महिला का शव घर में संदिग्ध अवस्था में मिला, जांच में जुटी पुलिस
महिला का पति मुंबई में करता है नौकरी
सीतापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के पंचमपुरवा मोहल्ले में एक महिला का शव घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सीतापुर, अमृत विचार। जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र के पंचमपुरवा मोहल्ले में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला का शव उसके घर के अंदर बेड पर संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी), क्षेत्राधिकारी (सीओ), कोतवाली देहात पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका पिंकी अधिकांश समय घर पर अकेली रहती थी, जबकि उसका पति मुंबई में रहकर नौकरी करता है।
बेटी की मौत पर क्या बोली मां ?
मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि उन्हें किसी पर कोई संदेह नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी ने कभी किसी विवाद या परेशानी की जानकारी उन्हें नहीं दी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
