Deoria News : देवरिया में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर फैक्ट्रियों पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक इकाई का उत्पादन बंद, दो को नोटिस

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बनाने वाली इकाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी के निर्देश पर विभागीय टीमों ने तीन निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं मिलने पर एक इकाई का उत्पादन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया, जबकि दो अन्य इकाइयों को नोटिस जारी किया गया। आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, सहायक आयुक्त (खाद्य)-2 हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में गुरुवार को यह अभियान चलाया गया।

आईएफएफएसओ बेवरेजेज को सुधार नोटिस

निरीक्षण के दौरान भाटपाररानी के भठवा तिवारी स्थित आईएफएफएसओ बेवरेजेज प्रा.लि. में कई कमियां पाई गईं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कंपनी को सुधार नोटिस जारी करते हुए निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

एवरबेस्ट फूड्स एंड बेवरेजेज बंद मिली

लार स्थित एवरबेस्ट फूड्स एंड बेवरेजेज निरीक्षण के समय बंद मिली। टीम ने फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा करते हुए निर्देश दिया कि विभाग को सूचना देकर आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के बाद ही उत्पादन कार्य शुरू किया जाए।

अभिलेख न मिलने पर उत्पादन कराया बंद

कार्रवाई के दौरान उसरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित देवरिया बेवरेजेज प्रा.लि. में बोतलबंद पेयजल निर्माण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए विभाग ने आवश्यक शर्तों का अनुपालन होने तक इकाई का उत्पादन कार्य बंद करा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

संबंधित समाचार