UP Electricity News : यूपी में लगातार सातवें साल नहीं बढ़ीं बिजली दरें, मंत्री AK शर्मा बोले- देश में सबसे बेहतर बिजली आपूर्ति

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में लगातार सातवें वर्ष भी बिजली की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है, जहां बिजली की दरें सबसे कम हैं और विद्युत आपूर्ति सबसे बेहतर श्रेणी की है।

शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में ऊर्जा मंत्री ने बताया कि सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए बिजली का टैरिफ यथावत रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सरकार की जनकल्याणकारी नीति और गरीबों, किसानों, घरेलू एवं अन्य उपभोक्ताओं के हितों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

32,673 मेगावाट की रिकॉर्ड बिजली मांग हुई पूरी

अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश ने 32,673 मेगावाट की अब तक की सर्वाधिक बिजली मांग को सफलतापूर्वक पूरा कर नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि बेहतर विद्युत प्रबंधन और मजबूत बुनियादी ढांचे के कारण प्रदेश की बिजली व्यवस्था लगातार सुदृढ़ हो रही है।

ईवी चार्जिंग और सौर ऊर्जा पर मिलेगी 20% टैरिफ छूट

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित सोलर आवर्स में बिजली दरों पर 20 प्रतिशत की टैरिफ छूट लागू की गई है। इससे हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और ईवी चार्जिंग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

सौर ऊर्जा उत्पादन में तेजी, तापीय परियोजनाओं पर भी काम जारी

उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में जितनी बिजली तापीय स्रोतों से बनती थी, उससे अधिक उत्पादन अब सौर ऊर्जा से किया जा रहा है। उनके अनुसार, पहले तापीय उत्पादन क्षमता 5,180 मेगावाट तक सीमित थी, जबकि अब 4,000 मेगावाट क्षमता के सोलर पार्क और 2,500 मेगावाट क्षमता प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत विकसित की जा रही है।

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि मिर्जापुर और मेजा सहित विभिन्न क्षेत्रों में तापीय विद्युत परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। साथ ही पुराने तापीय संयंत्रों की कार्यक्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पहले जहां ये संयंत्र लगभग 65 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (PLF) पर संचालित होते थे, वहीं अब उनकी दक्षता बढ़कर 85 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में मिली ये उपलब्धियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लागू नीतियों का परिणाम हैं। प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

संबंधित समाचार