Ayodhya News : राम मंदिर में नए सेवादारों की होगी भर्ती, पुलिस सत्यापन के बाद मिलेगी नियुक्ति, ड्रेस कोड भी होगा लागू
चढ़ावा गबन प्रकरण के बाद ट्रस्ट सख्त
अयोध्या राम मंदिर में व्यवस्था सुधारने की तैयारी तेज। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट नए सेवादारों की भर्ती करेगा। पुलिस सत्यापन, ड्रेस कोड और पारदर्शी चयन प्रक्रिया पर 6 जुलाई की बैठक में फैसला संभव।
अयोध्या, अमृत विचार : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट राम मंदिर परिसर की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, जल्द ही नए सेवादारों की भर्ती की जाएगी,वर्तमान में कार्यरत कई कर्मियों को हटाया जा सकता है। इस पर छह जुलाई को आयोजित ट्रस्ट की बैठक में इस पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।
राम मंदिर चढ़ावे में गबन के बाद मंदिर की दैनिक गतिविधियों, सुरक्षा, स्वच्छता, दर्शन व्यवस्था और अन्य सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए योग्य और विश्वसनीय नए सेवादारों की नियुक्ति करने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि इस बार भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा।
नए सेवादारों की भर्ती से पहले इनका पुलिस सत्यापन कराया जाएगा, केवल साफ-सुथरे चरित्र वाले और कोई आपराधिक रिकॉर्ड न रखने वाले उम्मीदवारों को ही नियुक्त किया जाएगा। यहीं नहीं नए सेवादारों को ड्रेस कोड में तैनात किया जाएगा। सभी कर्मियों को निर्धारित वर्दी पहननी होगी, जिससे पहचान आसान हो सके और मंदिर की गरिमा बनी रहे। ड्रेस कोड में साफ-सुथरा, सांस्कृतिक रूप से उपयुक्त परिधान शामिल होगा।
6 जुलाई की की बैठक होगी अहम
सभी फैसलों पर अंतिम मुहर 6 जुलाई को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में लगने की संभावना है। इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय, सदस्य डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे पर निर्णय के साथ-साथ भर्ती प्रक्रिया, संख्या, योग्यता मानदंड, वेतनमान और कार्यकाल जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है। ट्रस्ट अध्यक्ष और महंत नृत्य गोपाल दास सहित अन्य प्रमुख सदस्य इस बैठक में शामिल होंगे।
