Barabanki News : वकीलों के विरोध के बाद हटाए गए हैदरगढ़ SDM राजेश विश्वकर्मा, मधुमिता सिंह बनीं नई एसडीएम
हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। वकीलों का विरोध और दबाव आखिर काम आया और हैदरगढ़ के एसडीएम राजेश विश्वकर्मा को यहां से हटाकर एसडीएम न्यायिक पद पर रामसनेहीघाट भेज दिया गया है। उनकी जगह पर मधुमिता सिंह अब एसडीएम पद का पूरा चार्ज संभालेंगी। प्रशासन के इस फैसले से तहसील में चल रहा शीतयुद्ध भी समाप्त हो गया।
बताते चलें कि बतौर एसडीएम तहसील में तैनात राजेश विश्वकर्मा व तहसील के वकीलों व उनके संघ के बीच तनातनी काफी समय से चल रही थी। इस तनातनी ने विवाद का रूप ले लिया, यहां तक कि वकीलों और तहसील कर्मियों में तीखी बहस और हाथापाई भी हुई। विवाद बढ़ता देख डीएम ईशान प्रताप सिंह ने अधिवक्ता पक्ष बुलाकर बात की और 15 दिन का समय लिया।
इस बीच एसडीएम राजेश विश्वकर्मा से न्यायिक का चार्ज छीन लिया गया। दिया गया समय करीब आने पर डीएम ने अपना रुख भी स्पष्ट कर दिया है। कहा जा सकता है कि इस विवाद में वकीलों का दबदबा बन गया और इस लड़ाई में वह जीत गए। हैदरगढ़ एसडीएम राजेश विश्वकर्मा को बतौर न्यायिक एसडीएम रामसनेहीघाट भेजा गया, वहीं मधुमिता सिंह को हैदरगढ़ का नया एसडीएम बनाया गया है। हालांकि प्रशासनिक हल्के में इस फैसले को लेकर चर्चा का माहौल है।
