Lucknow News : रियल स्टेट कंपनी ने एलडीए की बनवाई जाली एनओसी, नायब तहसीलदार ने कराई एफआईआर
ग्राम अरदौनामऊ में अर्जित भूमि पर विकास कार्य कराने के लिए किया फर्जीवाड़ा
लखनऊ के गोमती नगर विस्तार में एलडीए की फर्जी एनओसी बनाकर अर्जित भूमि पर विकास कार्य कराने के प्रयास का खुलासा हुआ। जांच में दस्तावेज फर्जी मिलने पर रियल एस्टेट कंपनी समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज।
लखनऊ, अमृत विचार : गोमती नगर विस्तार के ग्राम अरदौनामऊ में अर्जित भूमि पर विकास कार्य कराने के लिए रियल एस्टेट कंपनी जेनिथ एंड जेनिथ सिविल प्लानर्स प्रालि ने अपने पक्ष में एलडीए की जाली एनओसी बनवा डाली। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने प्रकरण की जांच कराई तो पत्र में एलडीए की मुहर व हस्ताक्षर फर्जी पाए। शुक्रवार को नायब तहसीलदार ने रियल एस्टेट कंपनी समेत उसमें शामिल अज्ञात लोगों के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
एलडीए के सहायक चकबंदी अधिकारी तुलसीराम ने बताया कि कुछ दिन पहले व्हाट्सएप पर एक पत्र प्राप्त हुआ। इसमें सहायक चकबंदी अधिकारी (अर्जन) के नाम व हस्ताक्षर से विभूति खंड स्थित जेनिथ एंड जेनिथ सिविल प्लानर्स प्रालि के पक्ष में जारी कथित एनओसी संलग्न थी। जांच में पाया कि एनओसी एलडीए द्वारा जारी नहीं की गई।
पत्र में हस्ताक्षर और कार्यालय की मोहर पूरी तरह फर्जी मिली। कूटरचित एनओसी तहसील सरोजनी नगर के ग्राम अरदौनामऊ में एलडीए की अर्जित भूमि से सम्बंधित थी। जो रियल एस्टेट कंपनी द्वारा अज्ञात लोगों के सहयोग से स्थल पर विकास कार्य करने के लिए बनवाई थी। पत्र से यह साफ होता है कि जेनिथ एंड जेनिथ सिविल प्लानर्स प्रालि व उससे जुड़े लोगों ने फर्जी हस्ताक्षर एवं अभिलेख तैयार करके एलडीए के नाम का दुरुपयोग करने का प्रयास किया। कंपनी व इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
गलत तथ्यों दर्शाकर वास्तविक दर्शाने का प्रयास
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि फर्जी पत्र के माध्यम से भूमि के सम्बंध में गलत तथ्यों का उल्लेख कर उसे वास्तविक दर्शाने का प्रयास किया गया। जबकि एलडीए द्वारा ग्राम अरदौनामऊ की सम्बंधित भूमि का अधिग्रहण वर्ष 2001 में अमर शहीद पथ गोमती नगर विस्तार योजना के अंतर्गत किया जा चुका है। अर्जन की समस्त कार्यवाही पूर्ण होने के दौरान भूमि का स्वामित्व राज्य सरकार एवं लखनऊ विकास प्राधिकरण में निहित है।
एलडीए से जांच जरूर करवायें : उपाध्यक्ष
उपाध्यक्ष ने नागरिकों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले एलडीए से दस्तावेज की जांच जरूर करवा लें। प्राधिकरण द्वारा वेलनेस सिटी योजना के लिए ग्राम बक्कास, मलूकपुर ढ़कवा, चौरहिया, चौरासी, दुलारमऊ, नूरपुर बेहटा एवं मस्तेमऊ की भूमि ली जा रही है। इसके अलावा आईटी सिटी के लिए तहसील मोहनलालगंज के ग्राम बक्कास, सोनई कंजेहरा, सिकंदरपुर अमोलिया, सिद्धपुरा, परेहटा, पहाड़नगर टिकरिया, रकीबाबाद, मोहारी खुर्द, खुजौली एवं भटवारा की भूमि पर धारा-11 लागू की गई है। इन गांवों में भूमि क्रय करते समय विशेष सावधानी बरतें।
