Kanpur News : झकरकटी बस अड्डा बना तालाब, बसों तक पहुंचने के लिए जूझे यात्री, चालकों ने किया तौबा
बस अड्डे के बाहर बसों की संख्या अधिक होने से लगा जाम
कानपुर के झकरकटी अंतर्राज्यीय बस अड्डे पर बारिश के बाद भारी जलभराव से बस संचालन प्रभावित रहा। यात्रियों को बसें खोजने और चालकों को बस निकालने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कानपुर, अमृत विचार। शहीद मेजर सलमान खान अंतर्राज्यीय झकरकटी बस अड्डे पर बारिश के बाद तालाब जैसा नजारा देखने को मिला और जो बसें रात में अड्डे पर आई थीं, ऐसी बसों को चालकों द्वारा अड्डा से बाहर निकलने में पसीने छूट गये क्योंकि बस अड्डा के अंदर जलभराव में कहां कितना बड़ा गड्ढा है, इसका अंदाजा चालकों को नहीं था और पुल के नीचे होते हुए बाहर निकलने का रास्ता इतना खराब हो गया कि कोई बस उधर से निकल नहीं सकती थी। कुछ यात्रियों ने पानी में घुसकर हिम्मत करके बस तक पहुंचने की कोशिश की।
झकरकटी बस अड्डा पर शुक्रवार को भोर से दोपहर तक तालाब बने बस अड्डे पर कोई भी यात्री अंदर नहीं पहुंच सका। स्थिति ये रही कि चालकों ने बस को अड्डा के अंदर ले जाने से मना कर दिया क्योंकि सारे यात्री भी बस अड्डे के प्रवेश द्वार पर ही बसों की तलाश कर रहे थे। झकरकटी पर इतनी ज्यादा बसों हो गयीं कि घंटों पुल जाम में फंसा रहा।
पूछताछ काउंटर जलभराव में, लोकेशन लेने में पसीने
झकरकटी बस अड्डे का पूछताछ काउंटर जलभराव में कई घंटे फंसा रहा जिससे यात्री परेशान रहे और ये नहीं पता कर पाये कि जहां उन्हें जाना है, कितने बजे बस मिलेगी। सबसे ज्यादा रायबरेली, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, देवरिया, बलिया, जौनपुर, बादशाहपुर, बांदा, महोबा, हमीरपुर, बिंदकी, जहानाबाद, उरई, झांसी समेत विभिन्न जिलों की बसों को तलाशने में यात्री परेशान रहे।
