Barabanki News : आधा दर्जन से अधिक अस्पताल-डायग्नोस्टिक सेंटर सील, झोलाछापों पर बड़ी कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी, अमृत विचार। लखनऊ में हुए अग्निकांड की घटना के बाद प्रशासन ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की जांच को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में एसडीएम अनिल कुमार सरोज के नेतृत्व में स्वास्थ्य, पुलिस, फायर, पूर्ति विभाग और भारी पुलिस बल की संयुक्त टीम ने बदोसराय और रसूलपुर कस्बों में संचालित प्राइवेट अस्पतालों एवं डायग्नोस्टिक सेंटरों पर छापेमारी की। 

इस व्यापक कार्रवाई के दौरान टीम ने डायग्नोस्टिक सेंटर तैफी और अपोलो सहित मेडिक्स अस्पताल, केयर पाली क्लीनिक, शिवम पाली क्लीनिक और नेशनल अस्पताल समेत आधा दर्जन से अधिक संस्थानों को सील कर दिया। जांच के दौरान कई अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों में पंजीकृत डॉक्टरों की अनुपस्थिति पाई गई।

0

वहीं, कई जगहों पर झोला छाप डॉक्टरों द्वारा संचालन किए जाने और मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई। ओटी में एक्सपायरी दवाएं और इंजेक्शन मिलने पर टीम ने उन्हें कब्जे में ले लिया। अधिकारियों ने सभी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों को आवश्यक दस्तावेज लेकर एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

कार्रवाई के दौरान तैफी डायग्नोस्टिक सेंटर के मैनेजर द्वारा अधिकारियों से दुर्व्यवहार किए जाने पर एसडीएम ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अवैध क्लीनिकों और झोला छाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है।

संबंधित समाचार