Barabanki News : भुइयां माता की झांकी के साथ लोधेश्वर महादेवा तक निकली यात्रा, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दिन उमड़ा जनसैलाब
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। नगर पंचायत स्थित श्री शिव शक्ति धाम भुइयां माता मंदिर में चल रहे मां दुर्गा एवं भगवान पशुपतिनाथ की प्राण प्रतिष्ठा से पहले शनिवार को शिवलिंग एवं भुइयां माता की प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और डीजे पर बजते भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु उत्साहपूर्वक झूमते-नाचते नजर आए। शोभायात्रा की शुरुआत मंदिर परिसर से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।
यात्रा में भगवान शंकर, माता पार्वती और गणों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और पूजा-अर्चना की। यात्रा तहसील के निकट स्थित हनुमान मंदिर, देवी मंदिर, नर्वदेश्वर महादेव मंदिर, गायत्री शक्तिपीठ मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर होते हुए पक्का तालाब स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर और आगे लोधेश्वर महादेवा मंदिर तक पहुंची।
यहां यजमानों सोनू पाठक व उनकी पत्नी शोभा पाठक ने लोधेश्वर महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना की, जिसके बाद यात्रा का समापन मंदिर परिसर में हुआ। उसके बाद मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। कस्बा अध्यक्ष रामशरण पाठक के नेतृत्व में निकली इस शोभायात्रा में पवन कुमार ओझा ने सहयोगियों संग श्रद्धालुओं को बिस्किट व पानी वितरित किया। यात्रा में हिंदू और मुस्लिम समुदाय की सहभागिता ने आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार दुबे, सभासद अवनीश मिश्रा, भाजपा नेता शिव प्रकाश अवस्थी, इसरार केडी खान, मोहम्मद उस्मान, सुफियान, संजय, वंदना, गोल्डी, सोनम वर्मा, चांदनी, केके तिवारी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाल अरुण प्रताप सिंह, अतिरिक्त थाना प्रभारी राजबहादुर सरोज, उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।
