Pratapgarh News : आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में हेरफेर का आरोप, एक्सपायर आय प्रमाण पत्र पर चयन का मामला शासन तक पहुंचा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रतापगढ़ के मानधाता ब्लॉक में आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में एक्सपायर आय प्रमाण पत्र के आधार पर चयन का आरोप लगा है। आरटीआई कार्यकर्ता ने मुख्यमंत्री, आयुक्त और मानवाधिकार आयोग से जांच व कार्रवाई की मांग की है।

प्रतापगढ़, अमृत विचार: आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति में एक्सपायर आय प्रमाण पत्र के आधार पर करने का मामला शासन तक पहुंच गया है। आरटीआई कार्यकर्ता अधिवक्ता शिवम शुक्ल ने मुख्यमंत्री, आयुक्त प्रयागराज और मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष को पत्र लिखकर कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए अल्टीमेटम दिया है कि उचित कार्रवाई न हुई तो वह हाईकोर्ट की शरण लेंगे।

विकास खंड मानधाता की ग्राम पंचायत पनियारी की रहने वाली अचला सिंह आंगनबाड़ी सहायिका पद की आवेदक थीं। उन्होंने एडीएम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि सहायिका के पद पर जिसका चयन किया गया है उनके आवेदन में प्रयोग किया गया आय प्रमाण आवेदन के समय ही एक्सपायर हो गया था।

मामले में जिला कार्यक्रम अधिकारी की ओर से दी गई आख्या में लिखा गया आय प्रमाण पत्र का क्रमांक आवेदन के साथ वाले आय प्रमाण पत्र से अलग होने पर अचला सिंह ने इसकी शिकायत सीडीओ कार्यालय में कर दी। सीडीओ ने दोनों आवेदक की पत्रावली तलब कर जांच की लेकिन मामला स्पष्ट नहीं हो सका। उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिला कार्यक्रम अधिकारी से मांगी है।

सीडीओ का सख्त तेवर देखकर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने दीवार पर चस्पा की गई चयन सूची के उस कालम पर काला मार्कर चलवा दिया  जिसमें चयनितों के आय प्रमाण पत्र का क्रमांक लिखा गया है। हालांकि मार्कर चलाने के बाद भी आय प्रमाण पत्र का क्रमांक स्पष्ट पढ़ा जा सकता है। अचला सिंह की शिकायत को संज्ञान लेकर प्रकरण में फर्जीवाड़ा का आरोप लगाते है आरटीआई कार्यकर्ता अधिवक्ता शिवम शुक्ला सामने आ गए हैं।

उन्होंने सभी अभिलेखों का अध्ययन करने के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय के फर्जीवाड़े के सम्बंध में मुख्यमंत्री कार्यालय, आयुक्त प्रयागराज और मानवाधिकार के अध्यक्ष को पत्र लिखकर प्रकरण की गंभीरता से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। आरटीआई कार्यकर्ता ने पत्र में चेतावनी दी है कि यदि प्रकरण में उचित कार्रवाई न की गई तो वह हाईकोर्ट की शरण में जाकर निःशुल्क पैरवी करेंगे। 

डीपीओ द्वारा आख्या देने में हो रही हीलाहवाली

मानधाता के पनियारी गांव निवासी अचला सिंह की शिकायत की शिकायत को सीडीओ डॉ. राममोहन मीना ने गंभीरता से लिया। उन्होंने प्रकरण में जिला कार्यक्रम अधिकारी से दो दिन में विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। बावजूद इसके जिला कार्यक्रम अधिकारी मामले में हीलाहवाली कर रही हैं।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज