Kaushambi News: कौशांबी में करंट लगने से सिपाही की मौत, मिक्सी ठीक करते समय हुआ हादसा
कौशांबी, अमृत विचार। जिले के पश्चिम शरीरा थाने में तैनात सिपाही विपेंद्र यादव (26) की विद्युत करंट लगने से मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर की है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस के अनुसार महोबा जिले के निवासी विपेंद्र यादव पश्चिम शरीरा थाने में पैरोकार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह थाना परिसर से कुछ दूरी पर स्थित फायर स्टेशन के सरकारी आवास में अपनी पत्नी के साथ रहते थे।
.png)
बचाने पहुंची पत्नी को भी झटका
रविवार दोपहर विपेंद्र यादव घर में मिक्सी ठीक कर रहे थे, तभी अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। चीख सुनकर उनकी पत्नी कमरे में पहुंचीं और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उन्हें भी करंट का झटका लगा। शोर सुनकर आसपास मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और तुरंत विपेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी को मामूली झटका लगा है और वह सुरक्षित हैं।
.jpg)
दो साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक विपेंद्र यादव की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उनकी असमय मौत की खबर से परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार बताया। वहीं घटना के बाद पश्चिम शरीरा थाने और पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।
परिजनों में मचा कोहराम
पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जवान सिपाही की अचानक मौत से महोबा स्थित उनके घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें:-
