Prayagraj News : टोंस नदी में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत, घंटों की तलाश के बाद मिले शव
प्रयागराज के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के नारीबारी स्थित देवरा टोंस नदी में रविवार को नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान लोहरा भारत नगर निवासी कुनाल मिश्रा (15) पुत्र प्रशांत मिश्रा और विशेष मिश्रा (15) पुत्र विवेक मिश्रा के रूप में हुई है।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के नारीबारी स्थित देवरा टोंस नदी में रविवार को नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान लोहरा भारत नगर निवासी कुनाल मिश्रा (15) पुत्र प्रशांत मिश्रा और विशेष मिश्रा (15) पुत्र विवेक मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों इंटरमीडिएट में पढ़ाई कर रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार आज सुबह करीब 10 बजे दोनों दोस्त देवरा टोंस नदी में नहाने के लिए घर से निकले थे। नहाते समय वे नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए। टोंस नदी में तेज बहाव होने के कारण दोनों खुद को संभाल नहीं सके और देखते ही देखते डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के चलते सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद खोज अभियान शुरू किया गया। तेज बहाव के कारण दोनों किशोरों के शव बहकर मध्य प्रदेश के चाकघाट क्षेत्र की ओर चले गए थे। घंटों की तलाश के बाद गोताखोरों ने दोनों शव नदी से बाहर निकाले। सूचना पर शंकरगढ़ पुलिस और मध्य प्रदेश की चाकघाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की और परिजनों को सूचना दी। दोनों परिवारों के सदस्य मौके पर पहुंचे तो बेटों के शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस की आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
