Morena Rail Accident : आग की अफवाह के बाद Intercity से कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से 4 की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशनों के बीच एक गंभीर रेल हादसा हो गया है। जानकारी के मुताबिक, उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई। घबराहट में कुछ यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और पटरियों पर कूद गए। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 4 कई यात्रियों की मौत हो गई।

लखनऊ/मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना रेलवे स्टेशन के निकट खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक डिब्बे में कथित तौर पर आग लगने की अफवाह फैल गई, जिसके बाद उससे उतरने के दौरान दूसरे ट्रैक से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि खजुराहो इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के बाद घबराहट में चेन पुलिंग के बाद कुछ यात्री ट्रेन से उतर गए। उन्होंने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे पातालकोट एक्सप्रेस दूसरी पटरी से गुजर रही थी। उन्होंने कहा कि ट्रेन से उतरे यात्रियों ने ध्यान नहीं दिया कि बगल वाली पटरी पर एक अन्य ट्रेन आ रही है। उन्होंने कहा कि पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई।
 
क्या बोले मुरैना के जिलाधिकारी लोकेश कुमार
घटनास्थल पर मौजूद मुरैना के जिलाधिकारी लोकेश कुमार जांगिड़ ने 'पीटीआई-भाषा' से फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि खजुराहो से रवाना हुई उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में जिले के हेतमपुर स्टेशन के पास यह दुर्घटना हुई। उन्होंने कहा कि रेल इंजन से जुड़ी बोगी में अचानक चिंगारी और धुआं निकला, जिसके बाद कुछ यात्रियों ने जंजीर खींचकर ट्रेन को रोक दिया। उन्होंने बताया कलेक्टर ने बताया इस घटना से ट्रेन के अंदर आग लगने की अफवाह फैल गई।
 
पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए यात्री
उन्होंने कहा कि जान बचाने के लिए बिना सोचे-समझे कुछ लोग ट्रेन से कूदने लगे और रेलवे ट्रैक पर आ गए। उन्होंने कहा कि इसी दौरान कुछ लोग दूसरी रेल लाइन पर खड़े हो गए और उन्हें यह नहीं पता चला कि बगल की पटरी पर दिल्ली की ओर से पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन तेज रफ्तार से आ रही है। कलेक्टर ने बताया कि दुर्घटना में तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि दो महिलाएं व बच्चा आगरा के निवासी हैं जबकि एक अन्य महिला बीकानेर की है।  

संबंधित समाचार