Kainchi Dham Foundation Day: कल आस्था के महासंगम का साक्षी बनेगा कैंची धाम, बाबा नीम करौली आश्रम में लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारी पूरी

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

महाप्रसाद वितरण से लेकर सुरक्षा तक सभी तैयारियां पूरी, लाखों भक्तों के पहुंचने की उम्मीद

नैनीताल, अमृत विचार। देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र कैंची धाम स्थित बाबा नीम करौली आश्रम 15 जून को होने वाले स्थापना दिवस मेले के लिए पूरी तरह तैयार है। आश्रम परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा पाठ के बीच भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और आश्रम प्रबंधन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। सोमवार सुबह पांच बजे से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ महाप्रसाद वितरण शुरू किया जाएगा। 

स्थापना दिवस से एक दिन पूर्व आश्रम में अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन, पूर्णाहुति और महाआरती संपन्न हुई। इस दौरान देश, प्रदेश और विश्व की सुख-शांति, समृद्धि एवं कल्याण के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं। शाम को श्रद्धालुओं की मौजूदगी में हनुमान चालीसा पाठ का शुभारंभ हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। आश्रम परिसर बाबा नीम करौरी के जयकारों से गूंजता रहा। आश्रम प्रबंधन के भय्यू साह ने बताया कि स्थापना दिवस पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यापक व्यवस्था की गई है। प्रसाद निर्माण और पैकिंग का कार्य अंतिम चरण में है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाया गया है।

चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था

स्थापना दिवस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम से कैमरों की मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके अलावा एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात हैं। मुख्य प्रवेश द्वार पर श्रद्धालुओं की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं सक्रिय रखी गई हैं।

स्वास्थ्य शिविर में 150 से अधिक श्रद्धालुओं का उपचार

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैंची क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर स्थापित किया गया है। रविवार को यहां 150 से अधिक श्रद्धालुओं का उपचार कर उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी की टीम डॉ. दीपक सती और फार्मासिस्ट गीता पांडे के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है। डॉ. सती ने बताया कि अधिकांश श्रद्धालु गर्मी और भीड़ के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर और उल्टी जैसी समस्याओं से प्रभावित मिले।

जगह-जगह गूंज रहा हनुमान चालीसा पाठ

स्थापना दिवस से पहले ही हजारों श्रद्धालु कैंची धाम पहुंच चुके हैं। कई भक्त आश्रम की व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजन-कीर्तन, हनुमान चालीसा पाठ और ध्यान में लीन हैं। आश्रम परिसर के निकट स्थित ध्यान केंद्र समेत विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के समूह लगातार हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। 15 जून को आयोजित होने वाला कैंची धाम स्थापना दिवस मेला उत्तराखंड के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शुमार है। प्रशासन, पुलिस और आश्रम प्रबंधन को उम्मीद है कि इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की संख्या नए रिकॉर्ड बना सकती है।

 ये भी पढ़ें:- Kainchi Dham Foundation Day : नीम करोली बाबा के भक्तों का उमड़ेगा जनसमूह, एप्पल के संस्थापक से लेकर मार्क जुकरबर्ग तक हैं भक्तों में शामिल

संबंधित समाचार