Gonda News: गोंडा में महंगाई के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, हफीज मलिक के नेतृत्व में निकली पदयात्रा
गौरा चौकी, गोंडा, अमृत विचार। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में रविवार को समाजवादी पार्टी के नेता हफीज मलिक के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने गौरा विधानसभा क्षेत्र में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई।
हफीज मलिक के नेतृत्व में निकाली पदयात्रा
सपा नेता हफीज मलिक के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पीडीए कार्यालय गौरा चौकी से पदयात्रा करते हुए बभनजोत ब्लॉक तक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर तथा गैस सिलेंडर सिर पर रखकर बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ने से घरेलू बजट बिगड़ गया है और किसानों, मजदूरों, व्यापारियों तथा मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
.jpeg)
नायब तहसीलदार चंद्र प्रकाश को सौंपा ज्ञापन
इस अवसर पर हफीज मलिक ने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के कारण आम लोगों का जीवन कठिन हो गया है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय मूकदर्शक बनी हुई है। प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं ने नायब तहसीलदार चंद्र प्रकाश को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर अंकुश लगाने, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के दाम कम करने तथा आम जनता को राहत प्रदान करने की मांग की।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर शीघ्र नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। इस दौरान अनिल गुप्ता, सुनील शर्मा, शशांक यादव, विजय यादव, राहुल यादव, अखिलेश यादव, मुलायम यादव, गुफरान, किशन पासवान सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- Gonda News : जनकल्याण शिविर का विधायक ने किया शुभारंभ, कहा- सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास
