Raebareli News: रायबरेली में नाली विवाद पर खूनी संघर्ष, 7 महिलाओं समेत 12 घायल, थाना दिवस का समाधान फेल

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

खीरों, रायबरेली, अमृत विचार। थाना दिवस में नाली विवाद का समाधान होने के बावजूद पुलिस और राजस्व विभाग का निर्णय धरातल पर लागू नहीं हो सका। जिस नाली विवाद को अधिकारियों ने निस्तारित बताकर फाइल बंद कर दी थी, उसी विवाद में रविवार को दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। ऐसे में समाधान दिवस में किये गये फैसले के पालन में खीरों पुलिस की निगरानी में भारी चूक होना प्रतीत होता है। इसी का परिणाम है कि लाठी-डंडे चलने से सात महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।

घरेलू पानी की निकासी को लेकर विवाद

फिरोजाबाद मजरे खीरों गांव में श्यामलाल गुप्ता और गहिरेश्वर साहू पक्ष के बीच घरेलू पानी की निकासी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाकर विवादित भूमि पर नाली निर्माण रोकने तथा ग्राम पंचायत के माध्यम से जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था कराने का निर्णय लिया गया था। दोनों पक्षों ने इस पर सहमति भी जता दी थी। इसके बावजूद अगले ही दिन विवादित स्थान पर फिर नाली खोदने का प्रयास हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। 

सात महिलाओं समेत 12 लोग घायल

संघर्ष इतना बढ़ा कि महिलाओं तक को नहीं बख्शा गया। सात महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए, जबकि गुड्डू नामक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा। घटना के बाद गांव में चर्चा है कि जब विवाद पहले से चिन्हित था और समाधान दिवस में उसका निस्तारण हो चुका था, तो पुलिस ने संवेदनशील स्थल पर कोई निगरानी क्यों नहीं रखी। 

थाना दिवस केवल कागजी निस्तारण तक सीमित 

ग्रामीणों का आरोप है कि थाना दिवस अक्सर केवल कागजी निस्तारण तक सीमित रह जाता है। विवादों के वास्तविक समाधान और फैसलों के अनुपालन की जिम्मेदारी कोई नहीं लेता। परिणामस्वरूप छोटे विवाद भी बड़े टकराव में बदल जाते हैं। प्रभारी निरीक्षक सन्तोष कुमार सिंह ने बताया कि एक पक्ष की रेशमी से मिले शिकायती पत्र के आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष से शिकायती पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

 ये भी पढ़ें:- रायबरेली जेल में लगा विधिक जागरुकता शिविर, बंदियों को दी गई कानूनी सहायता की जानकारी

संबंधित समाचार