बाराबंकी में शांतिपूर्ण ढंग से निपटा भर्ती परीक्षा का पहला दिन, 26 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित
बाराबंकी में सोमवार से शुरु हुई तीन दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण गुजरा। भीषण उमस व गर्मी के बीच परीक्षा को लेकर बनाए गए आठ केन्द्रों पर उमड़े अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। पहले दिन दो पालियों में 26 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी में सोमवार से शुरु हुई तीन दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण गुजरा। भीषण उमस व गर्मी के बीच परीक्षा को लेकर बनाए गए आठ केन्द्रों पर उमड़े अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। पहले दिन दो पालियों में 26 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
बता दें पुलिस भर्ती परीक्षा 2025 को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। इसके लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा इंतजाम किया गया, वहीं जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों की जवाबदेही तय कर उन्हे ड्यूटी सौंपी गई। सोमवार को भर्ती परीक्षा का पहला दिन रहा।

भीषण गर्मी के बावजूद शहर में निर्धारित आठ परीक्षा केन्द्राें पर अभ्यर्थियों के साथ ही उनके परिजनों की भारी भीड़ रही। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों पालियों में अभ्यर्थियों की संख्या 4320 तय थी पर इनमें 26 प्रतिशत ने हाजिरी दर्ज नहीं कराई।
पुलिस अधिकारियों ने लिया परीक्षा केन्द्रों का जायजा
परीक्षा का जायजा लेने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन प्रवीण कुमार ने लिखित परीक्षा को पारदर्शी, शुचिता एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर सम्बन्धित को दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चन्द्र त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे। दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से निपटने पर अफसरों ने राहत की सांस ली।
