Kanpur Road Accident: डिवाइडर से टकराते ही कार बनी आग का गोला, लॉक होने से अंदर फंसे दो युवकों की जिंदा जलकर मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

कानपुर-औरैया नेशनल हाईवे पर देर रात दर्दनाक हादसा। तेज रफ्तार कार डिवाइडर की रेलिंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आई, दोनों मृतक कानपुर के निवासी थे।

कानपुर देहात: जिले के डेरापुर थाना क्षेत्र में कानपुर-औरैया नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से लौट रही एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर के कुछ ही पल बाद कार में आग लग गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार के दरवाजे और खिड़कियां लॉक हो गईं, जिससे अंदर बैठे दोनों लोग बाहर नहीं निकल सके और आग की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

रात करीब डेढ़ बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 1:30 बजे मुंगीसापुर कस्बे के पास हुआ। दिल्ली से लौट रही वोक्सवैगन कार तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान कार डिवाइडर की सीमेंटेड रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के फ्यूल टैंक से ईंधन का रिसाव होने लगा और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई।

लॉक होने से कार से बाहर नहीं निकल सके

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सवारों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन टक्कर के बाद वाहन का लॉक नहीं खुल सका। इसी कारण दोनों लोग कार के अंदर ही फंस गए और आग में जिंदा जल गए।

दमकल ने आग बुझाकर निकाले शव

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और कार के दरवाजे तोड़कर दोनों शवों को बाहर निकाला।

दोनों मृतकों की हुई पहचान

सीओ डेरापुर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान ओम शुक्ला, पुत्र राजीव शुक्ला, निवासी बर्रा (कानपुर) और गुरु प्रीत सिंह ढिल्लों, पुत्र अजीत सिंह, निवासी मेहरबान सिंह का पुरवा (कानपुर) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी दोनों परिवारों को दे दी गई है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवा दिया गया।

यह भी पढ़ेंः CM Yogi Barabanki Visit : महादेव के दरबार से बाराबंकी को 542 करोड़ की सौगात, सड़क-शिक्षा से पर्यटन तक बदलेगी जिले की तस्वीर

संबंधित समाचार