Muzaffarnagar News: जिला अस्पताल के ICU में भर्ती मरीज की पीट-पीटकर हत्या, छुट्टी से पहले चली गई जान; आरोपी गिरफ्तार
स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के ICU में लिवर रोग से पीड़ित मरीज की कथित मारपीट के बाद मौत। परिजनों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
डिजिटल डेस्क/मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के आईसीयू (ICU) में भर्ती एक मरीज की कथित मारपीट के बाद मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
तीन दिन से ICU में चल रहा था इलाज
जानकारी के अनुसार, थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव बिलासपुर निवासी 45 वर्षीय रमेश पाल, पुत्र ओमप्रकाश, लिवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। उनका 10 जुलाई से स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के ICU में इलाज चल रहा था।
कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
बताया गया कि सोमवार तड़के करीब तीन बजे ICU में भर्ती रमेश पाल और पास के बेड पर भर्ती अस्थमा पीड़ित महिला तथा उसके परिजनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि महिला के पुत्र संजय, निवासी गोशाला रोड (नदी मार्ग), ने रमेश पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया और उनके साथ मारपीट की। आरोप यह भी है कि उसने बाहर से कुछ लोगों को बुलाकर भी रमेश की पिटाई कराई।
नाक से लगातार बहता रहा खून, उपचार के दौरान मौत
मारपीट के बाद रमेश पाल की नाक से लगातार खून बहने लगा। अस्पताल कर्मियों ने उन्हें तत्काल इमरजेंसी में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान सुबह करीब साढ़े आठ बजे उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा किया। उनका कहना था कि अस्पताल में सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद ICU के भीतर ऐसी घटना होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
'सोमवार को होनी थी छुट्टी, लेकिन घर नहीं लौट पाए'
मृतक के पुत्र सागर पाल ने बताया कि उनके पिता की तबीयत में सुधार हो रहा था और सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद थी। उनका आरोप है कि कहासुनी के बाद दूसरे मरीज के तीमारदारों ने उनके पिता के साथ मारपीट की। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर आरोपी संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
क्या बोले अधिकारी?
नगर कोतवाली इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार शर्मा ने बताया कि कहासुनी के बाद मरीज के साथ मारपीट हुई थी। गंभीर चोट लगने और लगातार खून बहने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वहीं, सीएमएस संजय कुमार वर्मा ने कहा कि ICU में भर्ती मरीजों के बीच विवाद हुआ था। महिला मरीज के तीमारदारों और उनके साथियों द्वारा कथित मारपीट के बाद घायल मरीज की उपचार के दौरान मौत हुई। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस मामले में अलग से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
यह भी पढ़ेंः Bareilly News: फर्जी IAS बनकर रचाई शादी, 15 दिन बाद पति से मांगे 40 लाख रुपये, ब्लैकमेलिंग का खुलासा
