राम मंदिर विवाद पर भाजपा का सपा पर हमला, प्रदेश प्रवक्ता बोले- ‘सनातन को बदनाम करने की साजिश हो रही है’
अयोध्या राम जन्मभूमि ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एस.एन. सिंह का बयान। बोले- एसआईटी जांच कर रही है, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई।
देवरिया। अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता एस.एन. सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सनातन परंपरा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
'एसआईटी कर रही है निष्पक्ष जांच'
बुधवार को देवरिया में बातचीत के दौरान एस.एन. सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) अपना कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मंदिर से जुड़ी सभी संपत्तियां सुरक्षित हैं और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा ने विपक्ष पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि जिन लोगों ने पहले भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे और बाबरी मस्जिद के पक्ष में खड़े रहे थे, वही अब राम के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राम विरोधी ताकतें एक बार फिर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन प्रदेश की जनता सभी परिस्थितियों को समझ रही है और ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे।
सपा पर लगाए गंभीर आरोप
एस.एन. सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी की राम मंदिर के प्रति वास्तविक आस्था नहीं है। उनके अनुसार, विपक्ष इस मुद्दे के जरिए सनातन परंपरा को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
यह भी पढ़ेंः Ayodhya News : राम मंदिर के सभी कर्मचारियों का होगा पुलिस सत्यापन, कंप्यूटर में दर्ज होगा स्थायी और अस्थाई पता
