राम मंदिर चढ़ावा गबन : लवकुश के घर संबल से तोड़ी मिट्टी की दीवार, गिराया कंडे का ढेर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रुदौली, अयोध्या, अमृत विचार : राम मंदिर चढ़ावा चोरी के दो आरोपी साले-बहनोई के घर पुलिस ने बुधवार को दोबारा छापा मारा। पुलिस ने गबन की गई धनराशि की तलाश में आरोपी लवकुश मिश्रा के घर में बनी मिट्टी की दीवार तक खोद डाली, जबकि बाहर रखे कंडे के ढेर को भी गिरा डाला। इसके बाद पुलिस ने घर के आसपास के बाग का कोना-कोना छान मारा।

कोतवाली रुदौली के ग्राम फगौली कुर्मियान के फग़ौली ठकुरान पुरवा में लवकुश के पैतृक आवास पर रुदौली कोतवाल संजय मौर्य व उनकी टीम दोपहर करीब दो बजे पहुंची। करीब दो घंटे तक घर की तलाश ली, इस दौरान आंगन में स्थित एक मिट्टी की दीवार में रुपये छिपाने की आशंका होने पर पुलिस ने संबल की सहायता से खोद डाला गया। इसके अलावा पुलिस ने घर के भूसा घर, कंडा घर व बाग की मेढ़ का भी चारों तरफ से जायजा लिया। बाग में कई स्थानों पर भी छानबीन की।

बताया जा रहा है कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि लवकुश ने घर में बकी और रुपये छिपाए हैं। करीब दो घंटे तक चली जांच के दौरान पुलिस ने उसकी दादी से पूछताछ की। उन्होंने कुछ सवालों के जवाब भी दिए व कुछ की जानकारी न होने की बात कही। वहीं, घर के अन्य लोग पुलिस आने पर पूछताछ से बचने के लिए घर से निकल गए। मामले में आरोपी अनुकल्प मिश्रा व उसका बहनोई लवकुश मिश्रा जेल में बंद हैं।

अनुकल्प के घर परिजनों से की पूछताछ

इनायतनगर, अयोध्या, अमृत विचार। इनायतनगर पुलिस ने बसावा गांव स्थित अनुकल्प मिश्रा के घर पर बुधवार को छापा मारा। अनुकल्प की दादी सीता मिश्रा से पूछताछ की। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार है, जब टीम उसके घर पहुंची और परिजनों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। इस दौरान पुलिस ने घर की तलाशी ली, कमरों, आलमारी व बॉक्सों को खंगाला। सूत्रों के अनुसार पुलिस साले-बहनोई के बीच हुई बड़े लेन-देन की जानकारी मिली थी। इसकी पुष्टि बैंक खातों की जांच के दौरान हुई। इसके बाद बुधवार को दोबारा पुलिस ने दोनों आरोपियों के घर पर कार्यवाही की।

संबंधित समाचार