Lakhimpur Kheri News : जनता दर्शन में नेत्रहीन दंपती को मिली बड़ी राहत, डीएम ने तत्काल बनवाया अंत्योदय राशन कार्ड

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखीमपुर खीरी में जनता दर्शन के दौरान नेत्रहीन दंपती की समस्या सुनकर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अंत्योदय राशन कार्ड जारी कराया। जानिए पूरा मामला।

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: जनता दर्शन में बुधवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश कर दी। तहसील व ब्लॉक लखीमपुर के ग्राम छाउछ निवासी नेत्रहीन दंपती मनोज कुमार (30) और उनकी पत्नी अंजना देवी (25) अपनी आजीविका और राशन की समस्या लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह के सामने पहुंचे। दोनों ने कांपती आवाज में अपनी मजबूरी बयां की तो पूरा हाल कुछ पल के लिए भावुक हो उठा।

दंपती की पीड़ा सुनते ही डीएम ने बिना किसी औपचारिक देरी के जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी को तत्काल बुलाया और मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सभी औपचारिकताएं तुरंत पूरी कराईं और कुछ ही देर में नेत्रहीन दंपती का अंत्योदय राशन कार्ड जारी कर दिया।

वर्षों का इंतजार खत्म, राशन कार्ड मिलते ही खिल उठे चेहरे

वर्षों से राशन कार्ड के अभाव में सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ नहीं पा रहे नेत्रहीन दंपती मनोज कुमार और अंजना देवी को बुधवार को जनता दर्शन में बड़ी राहत मिली। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे ही उनका अंत्योदय राशन कार्ड जारी हुआ, दोनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। भावुक दंपती ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान डीएम ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी जरूरतमंद को केवल प्रक्रियागत अड़चनों के कारण योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

संबंधित समाचार