वाराणसी एयरपोर्ट को बड़ी सौगात: नया टर्मिनल इस साल होगा तैयार, क्षमता बढ़कर होगी 1 करोड़ यात्री प्रतिवर्ष
वाराणसी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिलने वाली है। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बन रहा नया टर्मिनल भवन अब तय समय से पहले तैयार करने की तैयारी है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने परियोजना की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि नया टर्मिनल इस वर्ष के अंत तक तैयार हो जाए, ताकि अगले वर्ष होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले इसका उद्घाटन किया जा सके।
छह महीने में पूरा करने का निर्देश
केंद्रीय मंत्री ने बुधवार देर रात वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचकर नए टर्मिनल भवन और उससे जुड़ी विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य कर रही कंपनी के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित 13 महीने के बजाय छह महीने के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि काम में तेजी लाकर इस साल के अंत तक निर्माण पूरा होना चाहिए।
एक करोड़ यात्रियों की क्षमता
गुरुवार को एयर इंडिया की ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में मंत्री ने बताया कि वर्तमान में वाराणसी एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता लगभग 40 लाख है। नए टर्मिनल के निर्माण के बाद इसमें 60 लाख यात्रियों की अतिरिक्त क्षमता जुड़ जाएगी। इसके साथ ही एयरपोर्ट की कुल क्षमता बढ़कर एक करोड़ यात्रियों प्रति वर्ष हो जाएगी। इससे पूर्वांचल ही नहीं, आसपास के राज्यों के यात्रियों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या
मंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम के विकास के बाद वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। देश और विदेश से बड़ी संख्या में लोग वाराणसी पहुंच रहे हैं। ऐसे में मौजूदा ढांचा भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट विस्तार की यह महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू की गई है।
2800 करोड़ की बड़ी परियोजना
नया टर्मिनल भवन और एयरपोर्ट परिसर में अन्य सुविधाओं के विकास का कार्य करीब 2,800 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही विमान संचालन और यात्री प्रबंधन भी अधिक सुगम होगा। मंत्री ने बताया कि नए टर्मिनल का उद्घाटन स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
नई उड़ान योजना का ऐलान
के. राम मोहन नायडू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के विमानन क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। इस दौरान देश में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 160 हो गई है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार जल्द ही ‘उड़ान’ योजना का नया संस्करण लाने जा रही है। इसके तहत अगले 10 वर्षों में देशभर में 100 नए हवाई अड्डों और 200 हेलीपोर्ट के विकास का लक्ष्य रखा गया है, जिससे छोटे शहरों को भी बेहतर हवाई संपर्क मिल सकेगा।
ये भी पढ़ें:- अयोध्या जमीन खरीद विवाद: AAP सांसद संजय सिंह ने SIT को दिए भूमि घोटाले के सबूत, एसआईटी अध्यक्ष को सौंपे 11 दस्तावेज
