Raebareli News: अवैध संबंध में मौसेर भाई ने की थी बिंदा की हत्या, पुलिस का चौंकाने वाला खुलासा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद, आरोपी गिरफ्तार 

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली के बछरावां इलाके में पुलिस ने पानी की टंकी परिसर में मिले व्यक्ति के शव के मामले का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि 15 जून को थाना बछरावां क्षेत्र के टुकराइन खेड़ा स्थित पानी की टंकी परिसर में एक व्यक्ति का शव चारपाई पर पड़ा मिला था। 

जांच में मृतक की पहचान बिंदा प्रसाद पुत्र राजाराम, निवासी टुकराइन खेड़ा मजरे रामपुर सुधौली, थाना बछरावां के रूप में हुई। मृतक पानी की टंकी परिसर में गाय की देखभाल का काम करता था। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने पर पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। 

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए उन्नाव जिले के थाना मौरावां क्षेत्र के बाबूखेड़ा मजरे बरौरा निवासी राजकिशोर पुत्र वासुदेव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक उसकी मौसी का लड़का था। आरोपी के मृतक की पत्नी से प्रेम संबंध थे और वह उसे अपने साथ ले जाना चाहता था। 

महिला द्वारा पति और बच्चों को छोड़ने से इनकार करने पर आरोपी ने बिंदा प्रसाद को रास्ते का रोड़ा मानते हुए हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि 14-15 जून की रात जब बिंदा प्रसाद पानी की टंकी परिसर में चारपाई पर सो रहा था, तब आरोपी ने बांके से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद बांका भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।  

संबंधित समाचार