Bareilly : तहसील की कैंटीन में 5 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया संग्रह अमीन
बरेली, अमृत विचार। बरेली में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को सदर तहसील की कैंटीन से एक संग्रह अमीन को 5000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार संग्रह अमीन की पहचान जोरावर सिंह के रूप में हुई है।
भुता थाना क्षेत्र निवासी जोरावर सिंह सदर तहसील में संग्रह अमीन के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि एक रिपोर्ट के एवज में वह पांच हजार रुपये की घूस मांग रहे थे। घूस न मिलने के कारण टालमटोल कर रहे थे।
इससे तंग आकर बारादरी थाना क्षेत्र के नवादा जोगियान की अशोक नगर कॉलोनी निवासी सुरेश चंद्र ने एंटी करप्शन का रुख किया। उन्होंने संग्रह अमीन की शिकायत करते हुए अपनी समस्या बताई। इस पर टीम सक्रिय हो गई और एंटी करप्शन के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने संग्रह अमीन को रंगेहाथ पकड़ने का जाल बिछा दिया। गुरुवार दोपहर करीब 2:45 बजे सुरेश चंद्र पांच हजार रुपये लेकर सदर तहसील पहुंचे। संग्रह अमीन को कैंटीन में ले जाकर जैसे ही घूस दी, एंटी करप्शन की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
तहसील में संग्रह अमीन के रिश्वत लेते पकड़े जाने की खबर से हलचल मच गई। अफरातफरी के बीच टीम अमीन को हिरासत मे लेकर बारादरी थाने पहुंची, जहां उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई।
एंटी करप्शन प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ शासन के कड़े निर्देश हैं। उसी क्रम में कार्रवाईयां जारी हैं। कोई भी पीड़ित व्यक्ति भ्रष्टाचार के संबंध में प्रकोष्ठ से संपर्क कर सकता है।
