Amethi News : अमेठी में सपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या, परिवार के सदस्य घायल, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अमेठी में मकान निर्माण के दौरान छज्जे को लेकर विवाद में सपा कार्यकर्ता की कथित हत्या, परिवार के सदस्य घायल। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और जांच शुरू कर दी है।

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मकान निर्माण के दौरान छज्जे को लेकर हुए विवाद में एक समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार अमेठी थाना क्षेत्र के सैदपुर दलशाहपुर गांव निवासी सुनील पाल ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके मकान का लिंटर निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे लेकर पड़ोसियों से पूर्व में विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते 17 जून की रात करीब 12 बजे गांव के कुछ लोग अपने साथ अन्य व्यक्तियों को लेकर उसके घर में घुस आए और परिवार पर हमला कर दिया।

तहरीर के अनुसार हमलावरों ने लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, सरिया और अन्य हथियारों से सुनील पाल, उसके पिता रामफली पाल तथा परिवार के अन्य सदस्यों की पिटाई की। हमले में गंभीर रूप से घायल रामफली पाल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना में अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल

मृतक रामफली पाल को स्थानीय स्तर पर समाजवादी पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा दो आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है।

संबंधित समाचार