Gonda News : दुष्कर्म आरोपी पवन देव की तलाश में एसओजी ने मारा छापा, खंगाला कथावाचक का घर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मनकापुर/गोंडा, अमृत विचार। अयोध्या के चर्चित दुष्कर्म आरोपी और 15 हजार रुपये के इनामी पवन देव महाराज की तलाश में गुरुवार को अयोध्या एसओजी ने मनकापुर क्षेत्र में दबिश दी। टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ बैरीपुर रामनाथ के मजरा विरतिया गांव निवासी कथावाचक इंद्र कुमार तिवारी उर्फ रामायण के घर छापेमारी की, लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कथावाचक रामायण द्वारा 9 जून को अपने फेसबुक अकाउंट से पवन देव महाराज के समर्थन में पोस्ट किए जाने के बाद वह जांच एजेंसियों की निगाह में आया था। इसी क्रम में अयोध्या एसओजी ने उससे पूछताछ और आरोपी से जुड़े संभावित सुराग जुटाने के उद्देश्य से उसके आवास पर दबिश दी। हालांकि पुलिस को घर पर कोई व्यक्ति नहीं मिला, जिससे पूछताछ नहीं हो सकी।

कार्रवाई के बाद गांव में पूरे दिन चर्चाओं का माहौल बना रहा और लोग पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह के कयास लगाते रहे। मनकापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह तोमर ने बताया कि अयोध्या एसओजी टीम स्थानीय पुलिस के साथ क्षेत्र में आई थी। टीम ने इंद्र कुमार तिवारी उर्फ रामायण के घर दबिश दी, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं मिला। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई अयोध्या पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई थी।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज