राम मंदिर चढ़ावा विवाद : CM योगी का अयोध्या दौरा कल, चंपत राय कार्यक्रम से रहेंगे दूर, SIT ने की अनिल मिश्रा से पूछताछ

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या का दौरा करेंगे। इस दौरान वे श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर चल रहे विवाद के बीच योगी का यह पहला अयोध्या दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ के अयोध्या पहुंचने से पहले जिला प्रशासन ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल संबंधी निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के बिंदु संख्या 29 में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से अनुरोध किया गया है कि मुख्यमंत्री के राम मंदिर दर्शन-पूजन कार्यक्रम की व्यवस्था के लिए वे किसी अन्य व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि नामित करें।

इसकी सूचना ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सीयूजी नंबर पर उपलब्ध कराने को कहा गया है।सूत्रों के मुताबिक, यह निर्देश राम मंदिर चढ़ावा विवाद और जांच के बीच आया है। चंपत राय के समर्थन में दी गई सफाइयों का फिलहाल कोई असर नहीं दिख रहा है। प्रशासन या ट्रस्ट की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

SIT की जांच जारी, अनिल मिश्र की पूछताछ

गुरुवार को चौथे दिन स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) सुबह 8:30 बजे राम मंदिर पहुंची। टीम चढ़ावा राशि की गिनती और संबंधित कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र से करीब 4 घंटे तक पूछताछ की है। 

कांग्रेस का आरोप

इधर अयोध्या पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने चंपत राय और गोपाल राव की गिरफ्तारी की मांग की है। अजय राय ने कहा, “भाजपा चढ़ावा चोरी कर रही है। इसमें बड़े लोग शामिल हैं। यह हिस्से के बंटवारे की लड़ाई है। सोने की ईंटें गायब हैं। भाजपा चोरी को दबाने की कोशिश कर रही है। चंपत राय और गोपाल राव की गिरफ्तारी होनी चाहिए। ये भगवान राम के नाम पर लूट कर रहे हैं। मामले की हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच करानी चाहिए।”मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे और राम मंदिर कार्यक्रम पर अब राजनीतिक गलियारों में नजरें टिकी हुई हैं।

यह भी पढ़ें:-

अयोध्या राम मंदिर चंदा विवाद: अचानक सामने आया 'टिन्नू', CCTV फुटेज से छेड़छाड़... SIT को मिले ये सबूत, देखें Video

संबंधित समाचार