पिज्जा बेचकर फंड जुटाने से लेकर ओलंपिक तक का सफर: ब्राजील क्रिकेट की 'आइकन' रॉबर्टा मोरेटी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा
ब्रासीलिया: ब्राजील में महिला क्रिकेट को फर्श से अर्श तक पहुँचाने वाली पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर रॉबर्टा मोरेटी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। ब्राजील के लिए सबसे ज्यादा 68 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाली मोरेटी ने गुरुवार को क्रिकेट के मैदान को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। वर्तमान में वह 'क्रिकेट ब्राजील' की अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
भावुक वीडियो शेयर कर साझा किया सफर
रॉबर्टा मोरेटी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर अपने 13 साल लंबे सुनहरे सफर को याद किया। उन्होंने कहा कि "यह एक बेहद लंबा और उतार-चढ़ाव से भरा सफर रहा है, लेकिन अब मुझे लगता है कि रुकने का सही समय आ गया है। जब मैंने 2013 में पहली बार बल्ला थामा था, तब मेरा एकमात्र सपना ब्राजील की राष्ट्रीय टीम की जर्सी पहनना था। जब वह पूरा हुआ, तो मैं चैंपियनशिप जीतना चाहती थी। लेकिन जैसे-जैसे हम जीतने लगे, मेरा मकसद सिर्फ जीतना नहीं, बल्कि खेल के जरिए सही मूल्यों को सीखना और एक बेहतर इंसान बनना बन गया। मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया, और बदले में क्रिकेट ने मुझे उम्मीद से कहीं ज्यादा लौटाया है।"
फंड के लिए बेचते थे पिज्जा: याद किए पुराने दिन
रॉबर्टा मोरेटी ने उस दौर को भी याद किया जब ब्राजील में क्रिकेट को कोई नहीं जानता था और खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता था।
रॉबर्टा मोरेटी के जीवन का शुरुआती संघर्ष
रॉबर्टा मोरेटी ने कहा कि "मुझे गर्व है कि मैं उस दौर का हिस्सा रही जब हम सिर्फ साउथ अमेरिकन टूर्नामेंट खेलने के लिए लॉटरी (रैफल) टिकट और पिज्जा बेचकर फंड इकट्ठा करते थे। आज खुशी होती है कि हमारी मेहनत की बदौलत क्रिकेट को ओलंपिक खेल के रूप में मान्यता मिल चुकी है। हर कहानी का एक चक्र होता है और मेरा यह चक्र अब पूरा हो चुका है।"
शानदार रहे करियर के आंकड़े
पर्दापण (Debuts): मोरेटी ने मार्च 2014 में पेरू की राजधानी लीमा में आयोजित साउथ अमेरिकन चैंपियनशिप से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी, जो कि ब्राजील क्रिकेट को आधिकारिक टी20 दर्जा मिलने से काफी पहले की बात है।
सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड: उन्होंने ब्राजील के लिए इतिहास में सबसे ज्यादा 68 टी20 मैच खेले।
ऑलराउंड प्रदर्शन: अपने करियर के दौरान उन्होंने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 1278 रन बनाए और अपनी कसी हुई गेंदबाजी से 33 विकेट भी चटकाए।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद भी मोरेटी बतौर बोर्ड अध्यक्ष ब्राजील में जमीनी स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देने का काम जारी रखेंगी।
