FIFA World Cup 2026 : अमाद डियालो के आखिरी मिनट के गोल से आइवरी कोस्ट की जीत, स्वीडन ने ट्यूनीशिया को 5-1 से दी मात

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अमाद डियालो के 90वें मिनट में किए गए निर्णायक गोल की बदौलत आइवरी कोस्ट ने फीफा विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में इक्वाडोर को 1-0 से हरा दिया।

फिलाडेल्फिया (अमेरिका)। अमाद डियालो के 90वें मिनट में किए गए निर्णायक गोल की बदौलत आइवरी कोस्ट ने फीफा विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में इक्वाडोर को 1-0 से हरा दिया। आखिरी क्षणों तक गोलरहित रहे मुकाबले में मैनचेस्टर यूनाइटेड के फॉरवर्ड डियालो ने सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरने के बाद जीत दिलाने वाला गोल दागा। इस जीत के साथ आइवरी कोस्ट ने टूर्नामेंट में अपने खाते में तीन अंक जोड़ लिए।

मैच में इक्वाडोर ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहले हाफ में कई अच्छे मौके बनाए। इमैनुएल एगबाडू की चूक के बाद मिले अवसर पर एनर वालेंसिया गोल नहीं कर सके, जबकि जॉन येबोआ और एलन मिंडा के प्रयास भी गोल में नहीं बदल पाए। दूसरी ओर, 19 वर्षीय यान डियोमांडे ने आइवरी कोस्ट के लिए दाएं छोर से लगातार हमले किए, लेकिन टीम शुरुआती मौकों का फायदा उठाने में नाकाम रही। पहला हाफ बिना किसी गोल के समाप्त हुआ।

दूसरे हाफ में भी इक्वाडोर ने मौके बनाए, लेकिन गोल करने में सफल नहीं हो सका। इसके बाद आइवरी कोस्ट ने खेल पर पकड़ मजबूत की और लगातार दबाव बनाया। डियोमांडे ने बॉक्स में घुसकर दो मौके बनाए, जबकि एली वाही का प्रयास क्रॉसबार की ओर चला गया। दूसरी तरफ गोंजालो प्लाटा और जोएल ऑर्डोनेज़ भी गोल नहीं कर सके।

जब मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी 90वें मिनट में विल्फ्रेड सिंगो की शानदार दौड़ और सटीक क्रॉस पर अमाद डियालो ने बॉक्स के किनारे से गेंद को गोलपोस्ट के निचले कोने में पहुंचाकर आइवरी कोस्ट को यादगार जीत दिला दी। यह आइवरी कोस्ट का विश्व कप में चौथा अभियान है।

cats

स्वीडन ने ट्यूनीशिया को 5-1 से रौंदा

मॉन्टेरी। यासीन अयारी के दो गोल और अलेक्जेंडर इसाक, विक्टर ग्योकेरेस तथा मटियास स्वानबर्ग के एक-एक गोल की बदौलत स्वीडन ने फीफा विश्व कप 2026 में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत करते हुए ट्यूनीशिया को 5-1 से हरा दिया।

स्वीडन ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। 7वें मिनट में 22 वर्षीय यासीन अयारी ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 30वें मिनट में अलेक्जेंडर इसाक ने गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। स्वीडन लगातार दबाव बनाए हुए था, लेकिन 43वें मिनट में ओमर रेकिक ने गोल कर ट्यूनीशिया की वापसी कराते हुए अंतर 2-1 कर दिया।

दूसरे हाफ में स्वीडन ने मैच पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया। 59वें मिनट में स्टार स्ट्राइकर विक्टर ग्योकेरेस ने गोल कर बढ़त 3-1 कर दी। इसके बाद सब्स्टीट्यूट मटियास स्वानबर्ग ने 84वें मिनट में गोल कर ट्यूनीशिया की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। स्टॉपेज टाइम में अयारी ने अपना दूसरा और टीम का पांचवां गोल दागकर स्वीडन की 5-1 की शानदार जीत पर मुहर लगा दी। इस जीत के साथ स्वीडन ने टूर्नामेंट में जोरदार शुरुआत करते हुए अपने इरादे साफ कर दिए।

संबंधित समाचार