IND Vs AFG 1st ODI: क्या 20-20 में बदल जाएगा वन डे मैच? जानें भारत-अफगानिस्तान को लेकर अपडेट
धर्मशालाः भारत और अफगानिस्तान के बीच आज (शनिवार, 13 जून) से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के पहले मुकाबले पर मौसम की मार पड़ी है। धर्मशाला में दोपहर 1:30 बजे से शुरू होने वाले इस मैच में लगातार हो रही बरसात की वजह से अब तक टॉस भी नहीं हो सका है। दोनों ही टीमों के खिलाड़ी मैदान पर मौजूद हैं और खेल शुरू होने की उम्मीद में बारिश थमने का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच खबर आ रही है कि अगर मौसम का यही हाल रहा, तो मुकाबले के ओवरों में कटौती करके इसे टी20 मैच के रूप में आयोजित किया जा सकता है।
शाम 6:32 तक का है कट-ऑफ समय, घटने लगे हैं ओवर
ताजा अपडेट के मुताबिक, धर्मशाला में फिलहाल हल्की बूंदाबांदी जारी है, हालांकि राहत की बात यह है कि बारिश की रफ्तार पहले से कम हुई है। खेल समय पर न शुरू होने के कारण अब ओवरों की कटौती का सिलसिला शुरू हो चुका है।
20-20 ओवरों के खेल का नियम
अगर मैदान शाम 6:32 बजे तक खेलने लायक तैयार हो जाता है, तो मैच को 20-20 ओवरों का कर दिया जाएगा। वहीं, अगर मुकाबला शाम 5:00 बजे के आसपास शुरू होता है, तो उपलब्ध समय के अनुसार ओवर तय किए जाएंगे।
फिलहाल, सुरक्षा के लिहाज से पिच को पूरी तरह ढक कर रखा गया है। ग्राउंड स्टाफ को और अधिक बारिश की आशंका है, इसलिए मैदान के दूसरे हिस्सों को कवर करने की तैयारी भी की जा रही है। आसमान में घने बादल हैं, लेकिन धर्मशाला स्टेडियम की बेहतरीन ड्रेनेज प्रणाली (पानी सुखाने की तकनीक) को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि बारिश रुकते ही खेल जल्द शुरू कराया जा सकेगा। इस बीच, भारतीय खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में समय बिताते नजर आए।
दोनों देशों के स्क्वॉड (टीम) इस प्रकार हैं-
भारतीय क्रिकेट टीम:
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव।
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम:
रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगेयालिया खरोती, एएम गजनफर, बिलाल सामी, दरविश रसूली, फरीद अहमद मलिक, जिया उर रहमान शरीफी।
