यूपी-बिहार बॉर्डर पर अवैध शराब के नेटवर्क का पर्दाफाश, देवरिया पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत तस्कर को किया गिरफ्तार
देवरिया। देवरिया जिले के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में कथित तौर पर बिहार ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप जब्त की गयी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ट्रक में ड्राइवर केबिन के ऊपर विशेष रूप से बने एक डिब्बे से 'ऑफिसर्स चॉइस' ब्रांड की शराब के लगभग सात दर्जन गत्ते बरामद किए गए।
देवरिया से आ रही ट्रक को पुलिस ने किया जब्त
अधिकारियों ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध शराब बिहार ले जायी जा रही है जिसके आधार पर पुलिस टीम ने शुक्रवार देर रात जांच शुरू की और देवरिया की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोका। अधिकारियों के अनुसार तलाशी करने पर छिपाकर रखी गई शराब की खेप बरामद हुई जिसके ट्रक और शराब जब्त कर ली गयी तथा चालक और सहायक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
शराब तस्करी नेटवर्क में शामिल आरोपियों पर चला पुलिस का चाबुक
सलेमपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सीवान जिले के अनूप चौहान और अरुण पासवान के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सलेमपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस शराब तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
