आतंकी नेटवर्क पर कड़ा प्रहार: आजमगढ़ में खुलेगा IB का नया दफ्तर, केंद्र सरकार ने दी हरी झंडी
लखनऊ, अमृत विचारः आजमगढ़ जिले में जल्द ही इंटेलीजेंस ब्यूरो का कार्यालय खुलेगा। यह सुरक्षा और खुफिया निगरानी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके लिए पंडित दीनदयाल नगर नगर पंचायत क्षेत्र में 3600 वर्गमीटर भूमि चिह्नित की गई है।
भूमि संबंधी रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेज दी गई है और निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। आईबी कार्यालय की स्थापना से पूर्वांचल क्षेत्र में खुफिया सूचनाओं के संग्रह और विश्लेषण को मजबूती मिलेगी। सुरक्षा एजेंसियों को संदिग्ध गतिविधियों, कट्टरपंथी नेटवर्क और राष्ट्रविरोधी तत्वों पर नजर रखने में सहायता मिलेगी।
बता दें कि आजमगढ़ जनपद का नाम पहले हुई कई आतंकी मामलों में सामने आ चुका है। हाल ही में एटीएस ने निजामाबाद से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठनों से जुड़े नेटवर्क के आरोपित मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया था। यही नहीं नई दिल्ली में आतंकी साजिश के मामले में बिलरियागंज निवासी मोसैब उर्फ सोनू कलाम की गिरफ्तारी हुई थी। वर्ष 2008 के जयपुर सीरियल ब्लास्ट मामले में दोषी ठहराए गए सरवर आजमी, सैफुर्रहमान और मोहम्मद सैफ भी आजमगढ़ से जुड़े रहे हैं। इन्हीं तरह की लगातार हो रही गतिविधियों को देखते हुए केंद्र सरकार ने आजमगढ़ में आईबी कार्यालय खोलने का निर्णय लिया था, जिसका अब निर्माण किया जाएगा।
