यूपी में मानसून होगा मेहरबान, 18 से 23 जुलाई तक झमाझम बारिश; कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ ने 18 से 23 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं 19 से 22 जुलाई के दौरान कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तरी ओडिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मानसूनी ट्रफ दक्षिण की ओर खिसक रही है, जिससे उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और कई जिलों में तेज वर्षा देखने को मिलेगी।
तापमान में आएगी 4 से 6 डिग्री की गिरावट
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
19 जुलाई को इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश
आईएमडी के अनुसार, 19 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर और बलरामपुर में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, बाराबंकी, सुल्तानपुर और आजमगढ़ सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
20 और 21 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
20 जुलाई को श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं में बहुत भारी बारिश का खतरा बना रहेगा। वहीं प्रयागराज, वाराणसी, चित्रकूट, बांदा, गोंडा, बलरामपुर, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, अमरोहा और संभल समेत कई जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है। 21 जुलाई को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। सोनभद्र, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में अत्यधिक बारिश हो सकती है, जबकि लखनऊ, कानपुर, आगरा, इटावा, फिरोजाबाद, झांसी और बुंदेलखंड के कई जिलों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग की चेतावनी
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि लगातार भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदियों और नालों के जलस्तर में वृद्धि, सड़क और रेल यातायात में बाधा, कमजोर भवनों को नुकसान तथा बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। कई स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी गई है।
किसानों के लिए विशेष सलाह
कृषि परामर्श में किसानों से कहा गया है कि धान, गन्ना, मक्का, अरहर, मूंग, उड़द, तिल, मूंगफली और सब्जियों के खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करें। साथ ही लगातार बारिश के दौरान नाइट्रोजन उर्वरकों का प्रयोग टालने, फसलों में रोग और कीटों की नियमित निगरानी करने तथा बागवानी फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है।
अब तक सामान्य से कम हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में सामान्य से 29 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 42 प्रतिशत और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में सक्रिय मानसून के चलते वर्षा की इस कमी में उल्लेखनीय सुधार होने की संभावना है।
