Barabanki News: जंग में तब्दील हुआ प्याज के पैसों का विवाद, आमने-सामने हुए दो समुदाय, तैनात हुई पुलिस और PAC
बल्लोपुर चौराहे पर सब्जी की दुकान पर लेन-देन के विवाद ने लिया मारपीट का रूप। दो समुदायों के आमने-सामने आने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला, सुरक्षा के लिए पीएसी तैनात।
बाराबंकी। जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बल्लोपुर चौराहे पर शुक्रवार देर शाम सब्जी की दुकान पर प्याज के पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के बाद दो समुदायों के लोगों के आमने-सामने आने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) की तैनाती कर दी गई है।
प्याज के भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बल्लोपुर चौराहे पर स्थित एक सब्जी की दुकान पर दुकानदार इमरान और प्रवेश के बीच प्याज के पैसों के भुगतान को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान इमरान ने प्रवेश के साथ मारपीट की।
विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे लच्छाराम चौहान के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। इसके बाद हाफी, रियाज और अन्य लोगों के भी विवाद में शामिल होने की बात सामने आई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
दो समुदायों के आमने-सामने आने की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना फैलते ही बल्लोपुर चौराहे पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। दो समुदायों के आमने-सामने आने की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत मोहम्मदपुर खाला थाना पुलिस को जानकारी दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं सूरतगंज चौकी प्रभारी उमेश कुमार वर्मा भी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
चार लोग हिरासत में, इलाके में PAC तैनात
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए बल्लोपुर चौराहे पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पीएसी भी तैनात कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में विवाद की वजह प्याज के पैसों का लेन-देन सामने आया है। पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं पीएसी की तैनाती जारी है।
यह भी पढ़ेंः Barabanki News:डीजल भरवाने की बारी पर पेट्रोल पंप में बवाल, नोजल से हमला करने का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
