Gonda News : रेलवे जॉब के नाम पर खेल! 1.70 लाख लेकर थमा दिया नकली ज्वाइनिंग लेटर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सत्यापन के दौरान खुली पोल, जांच में जुटी पुलिस

गोंडा, अमृत विचार : रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से लाखों रुपये की ठगी किए जाने और फर्जी ज्वाइनिंग लेटर थमाने का मामला प्रकाश में आया है। अयोध्या जनपद के एक युवक ने नवाबगंज थाना क्षेत्र के दो युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र के मगलसी गांव निवासी विपिन निषाद पुत्र राममूरत ने नवाबगंज थाने में दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि नवाबगंज कस्बे के चाईंटोला मोहल्ला निवासी मोहम्मद साहिल पुत्र मोहम्मद तुफैल तथा मंहगूपुर गांव के बखिरा मजरा निवासी हिमांशु तिवारी पुत्र शिवाकांत ने रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे कुल 1 लाख 70 हजार रुपये ले लिए।

पीड़ित के अनुसार रुपये लेने के बाद आरोपियों ने उसे रेलवे में नियुक्ति का एक ज्वाइनिंग लेटर उपलब्ध कराया। संदेह होने पर जब उसने दस्तावेज की सत्यता की जांच कराई तो वह कथित तौर पर फर्जी पाया गया। इसके बाद उसने अपने रुपये वापस मांगे।

शिकायतकर्ता का कहना है कि दबाव बनाने पर आरोपियों ने 1 लाख 17 हजार रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष 53 हजार रुपये लौटाने में लगातार टालमटोल की जा रही है। परेशान होकर उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। कस्बा चौकी प्रभारी पंकज यादव ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों को बुलाया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज